अमृतसर, 26 फरवरी (भाषा) गायक सिद्धू मूसेवाला हत्या मामले में गिरफ्तार और पंजाब के तरनतारन जिले के गोइंदवाल साहिब सेंट्रल जेल में बंद दो गैंगस्टर रविवार को कैदियों के बीच हुई झड़प में मारे गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुरमीत सिंह चौहान ने बताया कि उनके खिलाफ अन्य मामले भी दर्ज थे। उन्होंने बताया कि मारपीट में एक कैदी घायल हो गया। उन्होंने बताया, “तीनों एक ही गिरोह के थे।”
सिद्धू मूसेवाला के नाम से मशहूर शुभदीप सिंह सिद्धू की पिछले वर्ष 29 मई को मानसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
चौहान ने बताया कि मृतकों की पहचान बटाला निवासी मनदीप सिंह उर्फ तूफान और बुढलाडा निवासी मनमोहन सिंह उर्फ मोहन के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि झड़प में एक अन्य कैदी केशव गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे यहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूत्रों ने बताया कि किसी बात को लेकर कैदियों के बीच झड़प हुई और जल्द ही स्थिति गंभीर हो गई। उन्होंने बताया कि कड़ी सुरक्षा वाली जेल के अंदर झड़प के दौरान बर्तनों और लोहे की छड़ों का इस्तेमाल किया गया।
पुलिस ने बताया कि केशव को भी सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में गिरफ्तार किया गया था।
इस बीच, विपक्षी पार्टी शिरोमणि अकाली दल ने कहा कि इस घटना की स्वतंत्र जांच की जरूरत है, क्योंकि ‘‘इसके पीछे कोई गहरी साजिश हो सकती है।’’
शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने ट्वीट कर आरोप लगाया, ‘‘आम आदमी पार्टी सरकार के ‘जंगलराज’ में कोई भी सुरक्षित नहीं है। व्यापारी दुकानों पर सुरक्षित नहीं, महिलाएं घरों में सुरक्षित नहीं, पुलिस थानों में सुरक्षित नहीं है। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में शामिल दो गैंगस्टर की जेल में हुई हत्या की स्वतंत्र जांच की जरूरत है, क्योंकि इसके पीछे कोई गहरी साजिश हो सकती है।’’
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
