पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में हीरो एशिया कप-2025 के आधिकारिक शुभंकर ‘चांद’ और ट्रॉफी का भव्य अनावरण किया. इस अवसर पर उन्होंने ट्रॉफी गौरव यात्रा को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
एशिया का प्रतिष्ठित पुरुष हॉकी टूर्नामेंट का 12वां संस्करण पहली बार बिहार में आयोजित हो रहा है. यह प्रतियोगिता 29 अगस्त से 7 सितंबर 2025 तक राजगीर खेल परिसर के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेली जाएगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में एशिया कप का आयोजन राज्य के लिए गौरव की बात है. इससे न केवल बिहार की खेल क्षमता प्रदर्शित होगी बल्कि पर्यटन, कला और संस्कृति को भी नई पहचान मिलेगी. उन्होंने कहा कि राजगीर खेल परिसर में विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की गई हैं.
बिहार में पहली बार हीरो एशिया कप 2025 का आयोजन राज्य खेल अकादमी-सह-बिहार खेल विश्वविद्यालय, राजगीर के परिसर में 29 अगस्त से 7 सितंबर तक किया जाएगा। इस पुरुष हॉकी टूर्नामेंट में भारत के साथ-साथ चीन, जापान, चीनी ताइपे, मलेशिया, कोरिया, ओमान एवं बांग्लादेश की शीर्ष टीमें भाग लेंगी।… pic.twitter.com/47bsosfYry
— Nitish Kumar (@NitishKumar) August 17, 2025
आधिकारिक शुभंकर ‘चांद’ भारत के राष्ट्रीय पशु बाघ का प्रतीक है, जो साहस, स्फूर्ति और कौशल को दर्शाता है. इसका लाल लबादा शक्ति और उत्साह का प्रतीक है जबकि जादूगर की टोपी हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि देती है. ‘चांद’ का नाम भी ध्यानचंद से प्रेरित है.
हीरो एशिया कप-2025 में भारत, चीन, जापान, चीनी ताइपे, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, ओमान और बांग्लादेश की टीमें भाग लेंगी. विजेता टीम सीधे हॉकी विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेगी. अब तक दक्षिण कोरिया सबसे ज्यादा 5 बार चैंपियन रह चुका है, जबकि भारत और पाकिस्तान तीन-तीन बार विजेता बने हैं.
हॉकी के प्रति उत्साह जगाने के लिए 17 अगस्त से शुरू हुई ट्रॉफी गौरव यात्रा बिहार के सभी जिलों के अलावा चेन्नई, चंडीगढ़, दिल्ली, ओडिशा, असम और झारखंड से होकर गुज़रेगी.
कार्यक्रम में हॉकी इंडिया के गोलकीपर पी.आर. सृजेश ने कहा कि बिहार में हॉकी के प्रति लोगों का गहरा लगाव है और राज्य सरकार के प्रयासों से खेल का माहौल बेहतर हुआ है.
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष भोला नाथ सिंह ने मुख्यमंत्री को मोमेंटो भेंट किया.
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, वरिष्ठ अधिकारी और ओलंपिक खिलाड़ी उपस्थित थे.