scorecardresearch
Monday, 9 February, 2026
होमदेशदिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए मुख्यमंत्री ने नए वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों का उद्घाटन किया

दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए मुख्यमंत्री ने नए वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों का उद्घाटन किया

Text Size:

नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए सालभर सतत प्रयासों की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री गुप्ता ने राजधानी में वायु गुणवत्ता की वास्तविक समय की निगरानी के दायरे को बढ़ाने के लिए छह नए ‘सतत वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशन’ (सीएएक्यूएमएस) का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने प्रदूषण नियंत्रण नियमों के सख्त पालन और बेहतर निगरानी सुनिश्चित करने के लिए 100 ‘वायु रक्षक’ वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

दिल्ली सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गुप्ता ने कहा कि सरकार प्रदूषण के स्रोतों से निपटने के लिए शहर भर में व्यापक निगरानी और दीर्घकालिक नीतिगत कार्रवाई की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कहा,’ हमारा लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि दिल्ली में प्रत्येक 25 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में कम से कम एक वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र हो, ताकि हमें प्रदूषण के स्तर और उनके स्रोतों के बारे में पूर्ण और सटीक जानकारी मिल सके।’

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) द्वारा स्थापित छह नए निगरानी केंद्र जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू), इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू), नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी के पश्चिमी परिसर (द्वारका), सीडब्ल्यूजी अक्षरधाम, दिल्ली कैंट स्थित सर्वोदय बाल विद्यालय और तालकटोरा गार्डन स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्विमिंग पूल कॉम्प्लेक्स में स्थित हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में वर्तमान में 46 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र हैं और आगामी चरण में 14 अतिरिक्त केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य आवासीय क्षेत्रों, औद्योगिक क्षेत्रों, यातायात गलियारों और हरित पट्टियों तक निगरानी का पूर्ण दायरा सुनिश्चित करना है।

उन्होंने जोर देकर कहा, ‘प्रदूषण केवल एक मौसमी समस्या नहीं है। इसके लिए साल के 365 दिन देखभाल, निरंतर निगरानी और सतत कार्रवाई की आवश्यकता होती है।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि सालभर निगरानी और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए वायु सुरक्षा अधिकारी तैनात किए जाएंगे।

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और प्रदूषण नियंत्रण व प्रवर्तन को मजबूत करने के लिए सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की रूपरेखा साझा की।

सिरसा ने कहा, ‘कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली भर में 100 ‘वायु रक्षक’ वाहन तैनात किए जाएंगे, जो औद्योगिक, वाहन, होटल और संस्थागत प्रदूषण की जांच करेंगे।’

उन्होंने बताया कि इसके अलावा, वर्ष भर जमीनी स्तर पर भौतिक निरीक्षण सुनिश्चित करने के लिए 100 स्थायी सर्वेक्षकों की नियुक्ति भी की जाएगी।

भाषा

प्रचेता नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments