लेह, 27 मार्च (भाषा) प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत शुक्रवार को आधिकारिक दौरे पर लद्दाख पहुंचे। यह किसी मौजूदा प्रधान न्यायाधीश का केंद्र शासित प्रदेश का पहला दौरा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
कार्यक्रम के अनुसार, न्यायमूर्ति सूर्यकांत लेह और कारगिल में जिला न्यायालय भवनों का उद्घाटन करेंगे तथा देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे सैनिकों से संवाद करने के लिए अग्रिम क्षेत्रों का दौरा करेंगे।
लेह पहुंचने पर, प्रधान न्यायाधीश का उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, जम्मू और कश्मीर एवं लद्दाख उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश अरुण पल्ली और उच्च न्यायालय के अन्य न्यायाधीशों द्वारा स्वागत किया गया।
इस दौरे के दौरान, प्रधान न्यायाधीश लेह और कारगिल में नवनिर्मित जिला न्यायालय परिसरों के अलावा लद्दाख विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय का उद्घाटन करेंगे, जिससे अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ न्याय तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित होगी।
अधिकारियों ने बताया कि यह दौरा न्यायिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और लद्दाख के दूरस्थ एवं दुर्गम इलाकों में न्याय तक पहुंच को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
