बीजापुर, 12 फरवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने बृहस्पतिवार को नक्सलियों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर लगाए गए दो आईईडी को निष्क्रिय कर दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि कुटरू थाना क्षेत्र के मद इलाके में इंद्रावती नदी के किनारे नक्सलियों द्वारा अपने मारे गए नेता बसवराजू की याद में बनाया गया स्मारक भी सुरक्षाबलों द्वारा ध्वस्त कर दिया गया।
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने कहा, ‘‘माओवादियों ने सुरक्षाबलों के वाहनों को निशाना बनाने के उद्देश्य से अवापल्ली-मुरदंडा मार्ग पर जमीन से लगभग दो फुट नीचे 30 किलोग्राम का आईईडी रखा था। इसे सड़क किनारे खोदे गए गड्ढे के भीतर करीब पांच फुट अंदर छिपाया गया था।’’
उन्होंने कहा कि आईईडी को सुरक्षित तरीके से निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन अधिक गहराई में लगाए जाने के कारण उसे मौके पर ही निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया गया।
यादव ने बताया कि गंगालूर थाना क्षेत्र के तोड़का-कोरचोली और पेद्दाकोर्मा के घने जंगल क्षेत्र में पांच किलोग्राम वजन का एक अन्य आईईडी भी बरामद किया गया, जिसे बाद में निष्क्रिय कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दोनों आईईडी को सुरक्षाबलों के बम निरोधक दस्ते ने निष्क्रिय किया।
भाषा राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
