scorecardresearch
बुधवार, 4 जून, 2025
होमदेशचंद्रयान की सफलता का श्रेय कस्तूरीरंगन के शानदार प्रयासों को जाता है: किरण कुमार

चंद्रयान की सफलता का श्रेय कस्तूरीरंगन के शानदार प्रयासों को जाता है: किरण कुमार

Text Size:

बेंगलुरु, 21 मई (भाषा) भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व प्रमुख एएस किरण कुमार ने कहा है कि चंद्रयान को आज जो सफलता मिल रही है, वह के कस्तूरीरंगन के शानदार प्रयासों का नतीजा है।

कुमार 2015 से 2018 तक इसरो के अध्यक्ष रहे थे।

इसरो के पूर्व प्रमुख कस्तूरीरंगन के सहयोगी कुमार ने कहा कि वह उन्हें 50 वर्षों से अधिक समय से जानते थे। उन्होंने बताया कि उन दिनों अंतरिक्ष मिशन के बारे में सरकार को समझाना आसान काम नहीं था।

कुमार ने बुधवार को कस्तूरीरंगन के साथ बिताए दिनों को याद करते हुए कहा कि इसके लिए वैज्ञानिक और तकनीकी संगठनों के बीच बहुत अधिक समन्वय की आवश्यकता थी और उन्होंने बहुत ही कुशलता से ऐसे परिदृश्य और परिस्थितियां बनाईं जहां लोग एक साथ आए और इस बारे में बात की।

कुमार ने यह भी जिक्र किया कि कैसे कस्तूरीरंगन दीर्घकालिक सोच रखते थे। उन्होंने कहा कि जब भारत तकनीकी पहलुओं में आगे बढ़ रहा था, वैज्ञानिक अक्सर अलग-थलग होकर काम कर रहे थे।

कुमार ने कहा, ‘‘कस्तूरीरंगन में सभी को साथ लाने और उन्हें एक साझा लक्ष्य की ओर काम करने के लिए प्रेरित करने की क्षमता थी। यह कोई मामूली काम नहीं है। हम अब उनकी जबरदस्त क्षमताओं का फल देख रहे हैं। वह न केवल एक विचार को जन्म देने में सक्षम थे, बल्कि उसे कार्यान्वित करने और उसे सफल बनाने में भी सक्षम थे।’’

कस्तूरीरंगन के सम्मान में एक कार्यक्रम रमन अनुसंधान संस्थान (आरआरआई) में आयोजित किया गया, जिसका आयोजन आरआरआई ट्रस्ट और भारतीय विज्ञान अकादमी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

कार्यक्रम के दौरान कुमार समेत भारतीय शिक्षा, विज्ञान, शिक्षा और नीति निर्माण जगत के 20 से अधिक प्रतिष्ठित वक्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की और अपनी यादें साझा कीं।

भाषा

देवेंद्र अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments