(तस्वीर के साथ)
ईटानगर, 24 अगस्त (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने ईटानगर स्थित नॉर्थ ईस्ट रीजनल इंस्टिट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (एनईआरआईएसटी) के दो पूर्व छात्रों को बधाई दी, जो भारत के सफल चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ का संचालन करने वाली इसरो टीम का हिस्सा रहे हैं।
संस्थान के 1990 बैच के छात्र पंकजनाथ चंद्रयान-3 के ‘लैंडिंग प्रोपल्शन’ का डिजाइन तैयार करने वाली इसरो टीम के सदस्य हैं। एनईआरआईएसटी से इसी बैच के एक अन्य पूर्व छात्र सुब्रत चक्रवर्ती भी उस इसरो टीम के सदस्य हैं, जो अंतरिक्ष यान वाल्व को डिजाइन और विकसित करती है।
मुख्यमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इसरो वैज्ञानिक और चंद्रयान-3 के लैंडिंग प्रोपल्शन को डिजाइन करने वाले प्रतिभाशाली लोगों में से एक श्री पंकजनाथ पर बहुत गर्व है। श्री नाथ ने 1990 में एनईआरआईएसटी से बीटेक और एमटेक की पढ़ाई की है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मैं इस महत्वाकांक्षी परियोजना में अमूल्य योगदान देने के लिए एक और एनईआरआईएसटी छात्र, 1990-बैच के श्री सुब्रत चक्रवर्ती के बारे में भी इसी तरह उत्साहित हूं…हम अपने प्रतिष्ठित संस्थान की उत्कृष्टता कायम रखें।’
भारत ने 23 अगस्त को चंद्रमा के अनजान दक्षिणी ध्रुव पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ कर अंतरिक्ष इतिहास में कीर्तिमान स्थापित कर दिया। चंद्रमा के इस स्थान पर पहुंचने वाला भारत दुनिया का सबसे पहला और अब तक का एकमात्र देश है।
भाषा नेत्रपाल नरेश
नरेश
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.