scorecardresearch
सोमवार, 16 जून, 2025
होमदेशचक दे इंडिया : चंद्रयान की सफलता पर कई राज्यों के नेताओं ने दी बधाई

चक दे इंडिया : चंद्रयान की सफलता पर कई राज्यों के नेताओं ने दी बधाई

Text Size:

चंडीगढ़/जयपुर, 23 अगस्त (भाषा) चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के बाद कई राज्यों के नेताओं ने खुशी जताई। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, ‘‘चक दे इंडिया।’’

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर कहा, ‘‘चांद मुबारक। अब हमें और आगे बढ़ना है।’’

इसरो ने बुधवार को अंतरिक्ष क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडर ‘विक्रम’ और 26 किलोग्राम वजनी रोवर ‘प्रज्ञान’ से लैस लैंडर मॉड्यूल की ‘सॉफ्ट लैंडिग’ कराने में सफलता हासिल की। भारतीय समयानुसार शाम करीब छह बजकर चार मिनट पर इसने चांद की सतह को छुआ।

चंद्रयान-3 की ‘सॉफ्ट लैंडिग’ से ठीक पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा, ‘‘अरे वाह मजा आ गया। अब चांद और करीब आ गया है।’’

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘चंद्रयान-3, 140 करोड़ भारतीयों के सपनों के साथ चंद्रमा पर उतरा।’’

भाजपा की पंजाब इकाई के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने एक्स पर कहा, ‘‘इसरो ने ‘चांद’ का वादा किया था और इसे ‘निभाया‘।

उन्होंने देश की अंतरिक्ष एजेंसी के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी धन्यवाद दिया।

चंद्रयान-3 की सफलता पर जयपुर में लोगों ने पटाखे फोड़कर जश्न मनाया और तिरंगा लेकर सड़कों पर निकले। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने आवास पर स्कूली छात्रों के साथ टेलीविजन पर चंद्रयान-3 की ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ देखी।

गहलोत ने कहा कि अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में यह सफलता इसरो के वैज्ञानिकों के अथक परिश्रम और पूर्व प्रधानमंत्रियों जवाहर लाल नेहरू तथा इंदिरा गांधी की अंतरिक्ष अनुसंधान के प्रति दूरदर्शिता का परिणाम है।

कांग्रेस शासित हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी इस मौके पर नेहरू को याद किया। उन्होंने कहा कि भारत के पहले प्रधानमंत्री ने देश के अंतरिक्ष अभियानों के लिए मजबूत नींव रखी।

भगवंत मान ने कहा, ‘‘हमारे इसरो वैज्ञानिकों सहित सभी कर्मचारियों को उनके समर्पण और कड़ी मेहनत के लिए बधाई। यह देश के प्रत्येक नागरिक के लिए गौरव का क्षण है। चक दे इंडिया।’’

शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए कहा, ‘‘प्रत्येक भारतीय, अमीर और गरीब, श्रमिक, किसान, छात्र और शिक्षक ने इस उपलब्धि में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से योगदान दिया है।’’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, ‘‘पृथ्वी से चंद्रमा तक जय विज्ञान, जय हिंदुस्तान।’’

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने एक्स पर कहा, ‘‘चांद पर भारत। चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के लिए इसरो की टीम को हार्दिक बधाई। भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के विकास में यह अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धि और मील का पत्थर है।’’

नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने कहा, ‘‘इसरो के वैज्ञानिकों के लिए बहुत खुशी की बात है। 2019 में चंद्रयान-2 से मिले झटके के बाद, उन्होंने खुद को संभाला, निराशा के आंसू पोंछे और फिर से सफल होने के लिए दृढ़ संकल्पित हुए।’’

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग को देश के सभी निवासियों के लिए गर्व का क्षण बताते हुए इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई दी।

भाषा शफीक माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments