अहमदाबाद, 27 मार्च (भाषा) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती करने के केंद्र सरकार के फैसले की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम नागरिकों को वैश्विक अस्थिरता के प्रभाव से बचाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में 10-10 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है। इस कदम से पश्चिम एशिया संकट के कारण कच्चे तेल की बढ़ी वैश्विक कीमतों से घरेलू उपभोक्ताओं को राहत दी गयी है।
पेट्रोल पर विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क 13 रुपये प्रति लीटर से घटाकर तीन रुपये कर दिया गया है, जबकि डीजल पर इसे 10 रुपये से घटाकर शून्य कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज जब वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है, तब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नागरिकों के कल्याण को सर्वोपरि प्राथमिकता देकर एक बार फिर उनके प्रति अपनी संवेदनशीलता का प्रदर्शन किया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में काफी कमी की है, जो वैश्विक अस्थिरता के प्रभाव से हर भारतीय की रक्षा करने के प्रति प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’’
उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा, ‘‘पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच, जहां अन्य देशों में ईंधन की कीमतें दोगुनी या 50 प्रतिशत तक बढ़ गई हैं, जिससे वहां के नागरिकों पर बोझ बढ़ रहा है। वहीं प्रधानमंत्री मोदी का आम जनता के बारे में सोचने और पेट्रोल और डीजल दोनों पर उत्पाद शुल्क में 10 रुपये प्रति लीटर की कमी करने के लिए मैं उनका आभारी हूं।’’
भाषा शफीक देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
