scorecardresearch
Wednesday, 4 March, 2026
होमदेशबाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए असम, मेघालय का दौरा करेगी केंद्रीय टीम: शाह

बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए असम, मेघालय का दौरा करेगी केंद्रीय टीम: शाह

Text Size:

नयी दिल्ली, 20 जून (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि एक अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल नुकसान का आकलन करने के लिए असम और मेघालय के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेगा।

शाह ने असम और मेघालय के मुख्यमंत्रियों क्रमश: हिमंत बिस्व सरमा और कोनराड संगमा से बात करने के बाद कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार जरूरत की इस घड़ी में दोनों राज्यों के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘भारी बारिश और बाढ़ के मद्देनजर दोनों राज्यों के कुछ हिस्सों में स्थिति पर चर्चा करने के लिए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा से बात की। मोदी सरकार इस जरूरत की घड़ी में असम और मेघालय के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है।’’

गृह मंत्री ने कहा कि एक अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल नुकसान का आकलन करने के लिए असम और मेघालय के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि बाढ़ के पहले के दौर के बाद, एक अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल ने 26 से 29 मई तक असम के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।

असम में बाढ़ की स्थिति सोमवार को गंभीर बनी हुई है। राज्य के 35 में से 33 जिलों में लगभग 43 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने उन क्षेत्रों में भोजन और अन्य राहत सामग्री को हवा से गिराने का निर्देश दिया, जहां भारी बाढ़ है।

राज्य में जारी बाढ़ और भूस्खलन में मरने वालों की संख्या सोमवार को बढ़कर 73 हो गई। मरने वालों में नागांव जिले के एक पुलिस थाने के प्रभारी सहित दो पुलिस कर्मी भी शामिल हैं, जो फंसे हुए लोगों की मदद के लिए गए थे, लेकिन पानी में बह गए। उनके शव सोमवार तड़के निकाले गए।

भाषा अमित माधव

माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments