पुरुलिया, 13 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में कांग्रेस पार्षद तपन कांडू की हत्या के सिलसिले में बुधवार को तृणमूल कांग्रेस के एक समर्थक को गिरफ्तार किया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों द्वारा करीब 21 घंटे तक पूछताछ करने के एक दिन बाद आज तड़के सत्यबन प्रमाणिक को गिरफ्तार किया गया जोकि एक प्राथमिक विद्यालय में गैर-शिक्षण कर्मी है।
कलकत्ता उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद इस हत्याकांड की जांच अपने हाथ में लेने के बाद सीबीआई द्वारा की गयी यह पहली गिरफ्तारी है।
अधिकारियों ने बताया कि उसे पहले भी हिरासत में लिया गया था लेकिन उसकी तबीयत बिगड़ जाने के बाद उसे छोड़ दिया गया था।
सीबीआई अधिकारी ने कहा, ‘‘ हमने उसके जवाबों में कई विसंगतियां पायीं अब भी कई ऐसी बातें हैं जिस पर उसे जवाब देने की जरूरत है। हम उससे पूछताछ कर रहे हैं। ’’
इससे पहले पुलिस ने इस हत्याकांड के सिलसिले में कम से कम पांच लोगों को गिरफ्तार किया था।
गौरतलब है कि कांडू की 13 मार्च को उनके घर के समीप हत्या कर दी गयी थी। वह फरवरी में चौथी बार झालदा नगरपालिका वार्ड नंबर दो से चुनाव जीते थे।
भाषा शफीक देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
