scorecardresearch
Wednesday, 18 February, 2026
होमदेशसीबीआई ने ईडी अधिकारियों पर हमले के सिलसिले में शेख शाहजहां के करीबी सहयोगी को गिरफ्तार किया

सीबीआई ने ईडी अधिकारियों पर हमले के सिलसिले में शेख शाहजहां के करीबी सहयोगी को गिरफ्तार किया

Text Size:

कोलकाता, 26 नवंबर (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखालि में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों पर कथित हमले के सिलसिले में एक और संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

यह हमला 5 जनवरी, 2024 को पूर्व टीएमसी नेता शेख शाहजहां के आवास पर छापेमारी के दौरान हुआ था।

उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान दुरंत मुल्ला के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर शाहजहां का करीबी सहयोगी है।

अधिकारी ने बताया, ‘मुल्ला पिछले साल छापेमारी के दौरान ईडी अधिकारियों पर हुए हमले में शामिल था। हमले के दौरान ली गई तस्वीरों में भी उसे देखा जा सकता है।’

उन्होंने बताया कि मुल्ला का पता लगाना मुश्किल था क्योंकि आरोपी बार-बार ठिकाने बदलता रहता था।

अधिकारी ने बताया, ‘मुल्ला के आवास सहित कई जगहों पर कई बार तलाशी ली गई और कई नोटिस भी दिए गए, लेकिन उसका पता नहीं चला। हमने हाल ही में उसका पता लगाया और मंगलवार देर रात संदेशखालि में एक अभियान चलाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।’

उन्होंने बताया कि मुल्ला को बशीरहाट की एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां उसे चार दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया गया।

जनवरी 2024 की घटना में हुए हमले में तीन ईडी अधिकारी घायल हुए थे।

संदेशखालि तब राष्ट्रीय सुर्खियों में आया था जब कई स्थानीय महिलाओं ने शाहजहां और उसके मछली व्यापार से जुड़े साथियों पर सामूहिक बलात्कार और जबरन जमीन हड़पने का आरोप लगाया था।

पुलिस ने अब तक 20 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो टीएमसी नेता और शाहजहां का एक और करीबी सहयोगी शामिल है।

ईडी अधिकारियों ने राशन घोटाले के एक मामले में शाहजहां के आवास पर छापेमारी की थी।

भाषा तान्या अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments