जयपुर, 11 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शनिवार को करौली जिले में एक नगरपालिका के सहायक अभियंता से 3.70 लाख रुपये की नकदी बरामद की। एसीबी ने यह जानकारी दी।
एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि आरोपी महेंद्र सिंह बारां जिले की अंता नगरपालिका में सहायक अभियंता के पद पर तैनात हैं।
महानिदेशक ने बताया कि सूचना मिली थी कि आरोपी महेन्द्र बड़ी मात्रा में अवैध राशि एकत्रित कर शुकवार शाम या शनिवार सुबह अपने घर हिण्डौन सिटी जायेगा। आरोपी को हिण्डौन सिटी के पास जांच अभियान के दौरान रोका गया। टीम ने जांच की और आरोपी के पास से 3.70 लाख रुपये बरामद किए।
उन्होंने बताया कि आरोपी से जब नकदी के बारे में पूछताछ की तो कोई संतोषजनक जवाब या दस्तावेज नहीं मिला।
एसीबी ने कहा कि आरोपी से पूछताछ जारी है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत विस्तृत जांच की जाएगी।
भाषा बाकोलिया नेत्रपाल रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
