scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमदेशकंबोडिया के सैन्य कमांडर ने राजनाथ, जयशंकर और जनरल पांडे से मुलाकात की

कंबोडिया के सैन्य कमांडर ने राजनाथ, जयशंकर और जनरल पांडे से मुलाकात की

Text Size:

नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) कंबोडियाई सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल हुन मानेट ने शुक्रवार को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस जयशंकर तथा थलसेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे से मुलाकात की और द्विपक्षीय रक्षा एवं सैन्य सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की।

रक्षा मंत्रालय ने यात्रा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, ‘रॉयल कंबोडियन सेना के किसी भी कमांडर की यह पहली यात्रा है और दोनों देशों की सेनाओं के बीच संबंधों में यह एक मील का पत्थर है।’

लेफ्टिनेंट जनरल मानेट के साथ अपनी बातचीत में जनरल पांडे ने रॉयल कंबोडियन सेना के लिए अनुकूलित प्रशिक्षण मॉड्यूल की पेशकश करते हुए कंबोडिया को भारत के समर्थन की फिर से पुष्टि की, जबकि कंबोडियाई अधिकारी ने कंबोडिया में दोनों पक्षों के बीच पहली स्टाफ वार्ता के आयोजन के कार्यक्रम की घोषणा की।

बृहस्पतिवार को तीन दिवसीय भारत यात्रा पर पहुंचे कंबोडियाई अधिकारी ने रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने और उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार विक्रम मिश्री से भी मुलाकात की।

जयशंकर ने ट्वीट किया, ‘आज दोपहर कंबोडिया के लेफ्टिनेंट जनरल हुन मानेट से मुलाकात कर खुशी हुई। भू-राजनीतिक स्थिति और क्षेत्रीय चुनौतियों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ। रक्षा और सुरक्षा, कनेक्टिविटी और डिजिटल प्रदायगी में संभावनाओं पर चर्चा की।’

भारत की यात्रा पर आए सैन्य अधिकारी को साउथ ब्लॉक लॉन में रस्मी ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया, जिसके बाद उन्होंने जनरल पांडे से मुलाकात की।

भाषा नेत्रपाल पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments