चंडीगढ़, 23 दिसंबर (भाषा) हरियाणा सरकार ने राज्य में ‘स्टेज-तीन और स्टेज-चार’ के कैंसर से पीड़ित मरीजों को 2,500 रुपये मासिक पेंशन देने के लिए अलग से 68.42 करोड़ रुपये का वार्षिक बजटीय प्रावधान किया है।
यह फैसला मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा कैंसर रोगियों को मासिक पेंशन देने की पहले की गई घोषणा के बाद लिया गया।
यहां शुक्रवार को एक आधिकारिक बयान में कहा गया, “इससे पहले, कैंसर रोगियों को मासिक पेंशन देने के मामले में, त्रिपुरा देश का एकमात्र राज्य था, जो स्टेज-तीन के कैंसर रोगियों को 1,000 रुपये की मासिक वित्तीय सहायता देता रहा है।”
हरियाणा सरकार ने निर्णय लिया है कि कैंसर रोगियों को 2,500 रुपये की अतिरिक्त मासिक पेंशन मिलती रहेगी, भले ही वे अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन या वृद्धावस्था पेंशन योजनाओं का लाभ ले रहे हों।
खट्टर ने मई में कैंसर रोगियों के परिवारों से मुलाकात के दौरान आश्वासन दिया था कि राज्य सरकार उनकी हर संभव मदद करेगी।
उन्होंने बताया था कि यह सहायता उन मरीजों को दी जाएगी जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय तीन लाख रुपये तक है।
भाषा जितेंद्र शफीक
शफीक
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
