(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, एक फरवरी (भाषा) केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने रविवार को कहा कि केंद्रीय बजट विकास और प्रगति पर केंद्रित है। उन्होंने इसपर राजनीति करने के लिये विपक्षी दलों की आलोचना की।
विपक्षी दलों ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में पेश किए गए केंद्रीय बजट की आलोचना की। कांग्रेस ने इसे ‘‘पूरी तरह से निराशाजनक’’ बताया और आरोप लगाया कि पूर्व में जैसा दावा किया गया था, वास्तविकता इसके विपरीत है।
समाजवादी पार्टी ने कहा कि बजट लोगों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा, क्योंकि इसमें ‘कुछ खास नहीं’ है।
रीजीजू ने विपक्षी दलों द्वारा बजट में आम लोगों के लिए कुछ भी नहीं होने का दावा किये जाने पर कहा, ‘‘सभी प्रावधान केवल आम लोगों के लिए ही किए गए हैं। अगर विपक्ष के लोग खुद को आम लोग नहीं मानते, तो हम क्या कर सकते हैं?’’
मंत्री ने रेखांकित किया कि वित्तवर्ष 2026-27 का बजट विकास और प्रगति पर केंद्रित है। उन्होंने कहा, ‘‘देश खुश है। मेरा मानना है कि इस बजट की आलोचना की कोई गुंजाइश नहीं है। फिर भी, अगर कोई इसकी आलोचना करता है, तो वह राजनीति से प्रेरित होगी।’’
रीजीजू ने कहा, ‘‘मैं विपक्ष के अपने मित्रों से इस अच्छे बजट का स्वागत करने की अपील करता हूं। इस पर राजनीति न करें।’’
संसद में बजट पेश किये जाने के बाद कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘(बजट संबंधी) दस्तावेज़ों का विस्तृत अध्ययन करना अभी बाकी है, फिर भी 90 मिनट (के भाषण के) बाद यह स्पष्ट हो जाता है कि बजट को लेकर जो उम्मीदें की गई थीं, उन पर यह पूरी तरह खरा नहीं उतरता। यह पूरी तरह फीका और निराशाजनक रहा।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘भाषण भी पारदर्शी नहीं था, क्योंकि इसमें प्रमुख कार्यक्रमों और योजनाओं के लिए बजटीय आवंटन के बारे में कोई भी जानकारी नहीं दी गई।’’
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
