scorecardresearch
Friday, 6 March, 2026
होमदेशगुरुग्राम में पुरुष और महिला के शव मिले, पुलिस को दम घुटने से मौत होने का संदेह

गुरुग्राम में पुरुष और महिला के शव मिले, पुलिस को दम घुटने से मौत होने का संदेह

Text Size:

गुरुग्राम (हरियाणा), 19 दिसंबर (भाषा) गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-3 इलाके में एक क्लब के कैबिन में सोमवार को एक महिला और 50 वर्षीय एक पुरुष के शव मिले तथा दो अन्य लोग बेहोश मिले। पुलिस को संदेह है कि अंगीठी के धुएं से दम घुटने के कारण उनकी मौत हुई है।

इसने कहा कि पुरुष की पहचान हिसार के निवासी और क्लब के मालिक के भाई संजीव जोशी के रूप में हुई है।

पुलिस ने कहा कि वह तीन महिलाओं के साथ कैबिन में था जिनमें से एक महिला की मौत हो गई और अन्य दो बेहोश पाई गईं।

जिस कैबिन में वे सोमवार की रात करीब दो बजे एक महिला का जन्मदिन मनाने के लिए इकट्ठा हुए थे, उसमें हवा पार होने की व्यवस्था नहीं थी और ठंड के कारण उन्होंने अंगीठी जला रखी थी।

पुलिस ने कहा कि चूंकि संजीव जोशी ‘नाइट राइडर’ नामक क्लब के मालिक राजन जोशी का भाई था, इसलिए क्लब के कर्मचारियों ने उन्हें परेशान नहीं किया और न ही उनकी जांच की।

उन्होंने बताया कि सोमवार शाम करीब पांच बजे जब क्लब की सफाई की जा रही थी तो वहां काम करने वाले कैबिन में गए और जब उन्होंने इसका दरवाजा खोला तो कमरे में धुआं भरा हुआ था।

पुलिस ने कहा कि इसकी जानकारी राजन जोशी को दी गई जो घटनास्थल पर पहुंचे और चारों को एक निजी अस्पताल ले गए, जहां संजीव जोशी और एक महिला को मृत घोषित कर दिया गया, और अन्य दो महिलाओं का इलाज हो रहा है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) वीरेंद्र विज ने कहा, “प्रथम दृष्टया यह दम घुटने से मौत का मामला लगता है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच की जा रही है।”

उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची है।

पुलिस ने कहा कि कैबिन में लड़ाई-झगड़े के कोई सबूत नहीं मिले हैं, लेकिन सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

भाषा जोहेब नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments