scorecardresearch
Saturday, 14 March, 2026
होमदेशजम्मू-कश्मीर के पुलवामा में कश्मीरी पंडित की हत्या के खिलाफ भाजयुमो ने प्रदर्शन किया

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में कश्मीरी पंडित की हत्या के खिलाफ भाजयुमो ने प्रदर्शन किया

Text Size:

(फोटो के साथ)

जम्मू, 26 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने एक कश्मीरी पंडित की हत्या के खिलाफ रविवार को यहां विरोध प्रदर्शन किया और इस घटना के लिए जिम्मेदार आतंकवादियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान और आतंकवादियों के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजयुमो की जम्मू कश्मीर इकाई के अध्यक्ष अरुण प्रभात ने किया।

एटीएम के सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत संजय शर्मा (40) की रविवार को दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के अचन इलाके में आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

प्रभात ने कहा, ‘‘हम आतंकवादियों द्वारा निर्दोष लोगों की हत्या की कड़ी निंदा करते हैं। कश्मीर में अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों की चुन-चुन कर हत्याओं का उद्देश्य जम्मू कश्मीर में शांति के माहौल को बिगाड़ना है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से अपील करते हैं कि सुरक्षा एजेंसियों को इस तरह की हत्याओं में शामिल सभी आतंकवादियों को मार गिराने की खुली छूट दी जानी चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि वे ‘‘पाकिस्तान की खूनखराबे की नीति’’ को बर्दाश्त नहीं करेंगे और सभी राष्ट्र-विरोधी ताकतों से सख्ती से निपटा जाना चाहिए।’’

प्रभात ने कहा कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने आतंकवाद के प्रति कतई न सहन करने (जीरो टॉलरेंस) की नीति अपनाई है और सुरक्षा बलों ने आतंकवाद का खात्मा किया है और आगे भी ऐसा करती रहेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे सशस्त्र बलों द्वारा की गई कड़ी कार्रवाई से अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद से जम्मू कश्मीर में आतंकवादी घटनाओं में काफी कमी आई है।’’

भाजयुमो नेता ने निर्दोष लोगों की हत्या की घटनाओं को तत्काल रोके जाने की मांग करते हुए कहा कि कश्मीर में अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल समीक्षा किये जाने की आवश्यकता है।

भाषा

देवेंद्र नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments