scorecardresearch
Sunday, 28 June, 2026
होमदेशभाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष ने की समाजवादी चिंतक लोहिया के परिजन से मुलाकात

भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष ने की समाजवादी चिंतक लोहिया के परिजन से मुलाकात

Text Size:

लखनऊ, 28 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने रविवार को यहां प्रखर समाजवादी चिंतक डॉक्टर राम मनोहर लोहिया के परिजनों से उनके आवास पर भेंट की।

इस दौरान चौधरी ने दावा किया कि केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार की विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचा है।

भाजपा के बयान के मुताबिक प्रदेश अध्यक्ष ने विशिष्ट जनसम्पर्क अभियान के तहत यहां प्रखर समाजवादी चिंतक डॉक्टर राम मनोहर लोहिया के परिजनों– रमेशचंद्र लोहिया, शोभा रानी लोहिया और पृथ्वीराज लोहिया समेत परिवार के विभिन्न सदस्यों से उनके आवास पर मुलाकात की और उनका कुशल-क्षेम पूछा।

चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की सरकार का 12 वर्षों का कार्यकाल देश के नवनिर्माण और स्वर्णिम युग का गवाह रहा है। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में भारत ने ‘नीतिगत जड़ता’ से बाहर निकलकर वैश्विक पटल पर एक आत्मनिर्भर और सुदृढ़ पहचान बनाई है।

चौधरी ने दावा किया कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र पर चल रही मोदी सरकार की नीतियों का सीधा लाभ धरातल पर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी नीतियों ने देश में एक बड़े और सकारात्मक सामाजिक-आर्थिक बदलाव की मजबूत नींव रखी है।

इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजय राय, विधायक डॉक्टर नीरज बोरा तथा विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान भी उपस्थित रहे।

भाषा सलीम राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments