नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को भाजपा के राष्ट्रवाद को झूठा करार दिया और सवाल किया कि पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे की पुस्तक में ऐसा क्या लिखा है कि मोदी सरकार के मंत्री घबरा रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा के गंभीर सवालों पर जवाब देने से ऐसे बच रही है जैसे उसकी दुखती रग पर किसी ने हाथ रख दिया हो।
खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आरएसएस-भाजपा की वैचारिक आधारशिला ही तथ्यों को छिपाने पर टिकी है, तभी ये कायर मोदी सरकार संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा के गंभीर सवालों पर जवाब देने से ऐसे बच रही है जैसे उसकी दुखती रग पर किसी ने हाथ रख दिया हो।’’
उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सदन में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा एक बेहद गंभीर मुद्दा उठाया है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल किया, ‘‘पूर्व सेनाध्यक्ष की किताब में ऐसा क्या लिखा है जिससे मोदी सरकार के बड़े-बड़े मंत्री घबरा रहे हैं? उनकी किताब को प्रकाशित होने से कौन रोक रहा है? ’’
खरगे ने दावा किया, ‘‘पूरा देश जानता है कि भाजपा का राष्ट्रवाद झूठा है। वो देशभक्ति की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं पर 2020 में गलवान में हमारे 20 जवानों के सर्वोच्च बलिदान के बाद मोदी जी ख़ुद चीन को क्लीन चिट थमा देते हैं। क्या ये सच नहीं है? ’’
उन्होंने कहा, ‘‘क्या संसद में इससे पहले राष्ट्रीय सुरक्षा व विदेश नीति से जुड़े मुद्दों पर देश को विश्वास में नहीं लिया गया है? लोकतंत्र की जननी की बात करने वाले लोकतंत्र की आत्मा को रौंदने में क्यों जुटे हुए हैं?’’
भाषा हक
हक नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
