नयी दिल्ली, 11 दिसंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) से पार्टी की हार के बाद रविवार को इस्तीफा दे दिया।
भाजपा की दिल्ली इकाई के उपाध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक आदेश में कहा, ‘‘भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के निर्देश के अनुसार दिल्ली भाजपा अध्यक्ष पद से आदेश गुप्ता का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। दिल्ली इकाई के उपाध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को अगले आदेश तक प्रदेश इकाई का कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया जा रहा है।’’
दिल्ली भाजपा कार्यालय में कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने के तुरंत बाद सचदेवा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से 2024 के चुनावों में दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों पर पार्टी की जीत के लिए काम करना शुरू करने का आह्वान किया।
सचदेवा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मेरे जैसे एक साधारण कार्यकर्ता को यह जिम्मेदारी देने के लिए मैं पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का आभारी हूं। मैं सभी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करूंगा।’’
गुप्ता ने एक ट्वीट में दिल्ली भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में सचदेवा की नियुक्ति का स्वागत किया। गुप्ता ने ट्वीट किया, ‘‘मेरे मित्र और पुराने सहयोगी वीरेंद्र सचदेवा को दिल्ली भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर हार्दिक बधाई।’’
भाजपा ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव में 250 में से 104 वार्ड जीते।
गुप्ता ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने पार्टी की हार की ‘नैतिक जिम्मेदारी’ ली और भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष पद से हटने का फैसला किया।
‘आप’ ने बुधवार को घोषित हुए चुनाव परिणाम में एमसीडी में भाजपा का 15 साल का शासन खत्म कर दिया। ‘आप’ ने इस चुनाव में 134 सीट हासिल की, जबकि भाजपा ने 104 सीट पर जीत दर्ज की।
सचदेवा, जो पहले एक स्वयंसेवक के रूप में आरएसएस से जुड़े थे, ने चांदनी चौक और मयूर विहार के जिला अध्यक्ष सहित दिल्ली भाजपा में विभिन्न पदों पर कर्तव्यों का निर्वहन किया।
सचदेवा के पूर्वज विभाजन के बाद पाकिस्तान से भारत आए थे।
भाजपा की दिल्ली इकाई के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा, ‘‘अगर कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर सचदेवा का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा तो पार्टी उन्हें अध्यक्ष पद पर बनाए रखने का फैसला कर सकती है।’’
सांसद परवेश वर्मा, रमेश बिधूड़ी, मीनाक्षी लेखी और गौतम गंभीर, जम्मू कश्मीर के लिए पार्टी के सह-प्रभारी आशीष सूद, कपिल मिश्रा और राज्य महासचिव हर्ष मल्होत्रा सहित कई नेताओं का पद की दौड़ में होना तय था।
भाजपा के एमसीडी चुनाव हारने के तुरंत बाद प्रदेश भाजपा में संगठनात्मक बदलाव की मांग होने लगी। बदलाव की मांग के बीच गुप्ता ने चुनाव नतीजे वाले दिन (बृहस्पतिवार को) एक बैठक में कहा था कि वह अपने खिलाफ ‘‘साजिशों’’ से हार मानने वाले नहीं हैं।
जून 2020 में भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष पद का प्रभार संभालने के बाद से ही गुप्ता के प्रदर्शन पर नजरें रही हैं। उनके नेतृत्व में ही पार्टी 2021 में एमसीडी के कुछ वार्ड और राजेंद्र नगर विधानसभा सीट पर उपचुनावों में जीत हासिल करने में नाकाम रही थी।
भाजपा की दिल्ली इकाई के कुछ पदाधिकारियों के अनुसार, गुप्ता के इस्तीफे के ज्यादा मायने नहीं है, क्योंकि वैसे भी उनका कार्यकाल समाप्त होने के करीब था। राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के संगठनात्मक चुनाव जनवरी 2023 में संपन्न होने वाले हैं।
भाषा सुरभि देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.