मुंबई, 16 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता होने का दावा करते हुए एक व्यक्ति ने, राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के बारे में कथित तौर पर “असंवेदनशील” बयान देने के लिए फिल्मकार रामगोपाल वर्मा के विरुद्ध मुंबई की एक अदालत का रुख किया है।
शिकायत में वर्मा के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 499 और 500 (मानहानि), 504 (जानबूझकर किसी व्यक्ति का अपमान करना) और 506 (आपराधिक धमकी के लिए सजा) के तहत कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। शिकायतकर्ता के वकील डी. वी. सरोज ने शनिवार को बताया कि सुभाष राजोरा ने 14 जुलाई को बांद्रा में मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत के समक्ष याचिका दायर की है।
सरोज ने कहा कि मजिस्ट्रेट ने शिकायत का संज्ञान लेने के लिए 11 अक्टूबर की तारीख तय की है। शिकायत में कहा गया है कि वर्मा ने अपने ट्विटर हैंडल के जरिये महिलाओं पर “अभद्र” टिप्पणी की और इससे अनुसूचित जनजाति के लोगों का अपमान हुआ है।
भाषा यश सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
