नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को आंतरिक चुनाव में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की 12 क्षेत्रीय (जोन) समितियों में से आठ पर जीत हासिल की और निगम की स्थायी समिति में भी निर्णायक जनादेश हासिल किया।
भाजपा और आम आदमी पार्टी (आप) के एक-एक सदस्य 18 सदस्यीय स्थायी समिति के लिए चुने गए हैं, जिससे भाजपा सदस्यों की कुल संख्या 10 हो गई और उसे इस समिति में बहुमत मिल गया। यह समिति एमसीडी की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था है।
आप की राफिया माहिर सिटी सदर-पहाड़गंज जोन से विजयी रहीं, जबकि भाजपा के जगमोहन महलावत दक्षिण जोन से विजयी हुए।
एमसीडी में कुल 12 वार्ड समितियां हैं, जिनमें से आठ पर अब भाजपा का और चार पर आप का कब्जा है। निगम में भाजपा का अपना महापौर है।
यहां 12 जोनों में से भाजपा ने नजफगढ़, शाहदरा दक्षिण, शाहदरा उत्तर, दक्षिण जोन, केशव पुरम, सिविल लाइन, नरेला और मध्य में जीत हासिल की है। आप ने रोहिणी, करोल बाग, पश्चिम और सिटी एसपी जोन में जीत हासिल की है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, ‘‘दक्षिण दिल्ली समेत आठ जोनों में अध्यक्ष पद पर जीत, साथ ही स्थायी समिति के चुनावों में अतिरिक्त जीत और रोहिणी जोन में उपाध्यक्ष पद पर जीत, आप के नगर पार्षदों में पार्टी नेतृत्व के प्रति बढ़ते असंतोष को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।’’
आप ने कहा कि पार्टी से एक धड़े के अलग होने के बाद उसने चार जोन में जीत हासिल की।
भाषा
राजकुमार रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.