scorecardresearch
सोमवार, 9 जून, 2025
होमदेशकेंद्र की मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर उप्र के सभी जिलों में प्रदर्शनी लगाएगी भाजपा

केंद्र की मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर उप्र के सभी जिलों में प्रदर्शनी लगाएगी भाजपा

Text Size:

लखनऊ (उप्र), नौ जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर पार्टी के राज्य मुख्यालय में मंगलवार सुबह साढ़े 10 बजे एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। इसके अलावा सभी अन्य जिलों में भी प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

भाजपा की ओर से सोमवार को जारी एक बयान में कहा गया कि

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, आत्मनिर्भर एवं शक्तिशाली भारत तथा विकास के साथ विरासत को समर्पित केन्द्र सरकार के 11 वर्षों पर आधारित प्रदर्शनी का प्रदेश भाजपा मुख्यालय में मंगलवार को सुबह 10:30 बजे उद्घाटन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह के साथ यह उद्घाटन करेंगे।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बताया कि प्रदेश के साथ ही सभी जिला केन्द्रों पर मोदी सरकार की 11 वर्ष की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

इसके साथ ही 10 से 11 जून 2025 को विकसित भारत की संकल्पना एवं हमारी भूमिका, सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 11 वर्ष तथा सशक्त भारत-सुरक्षित भारत विषयों पर ‘प्रोफेशनल मीट’ आयोजित की जायेंगी।

जिनमें विभिन्न क्षेत्र के पेशेवर लोगों के साथ संवाद किया जाएगा। ‘बदलता भारत-मेरा अनुभव’ विषय पर डिजिटल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें शॉर्ट वीडियो, ब्लॉग, क्विज प्रतियोगिता में नौ जून से नौ जुलाई तक सहभागिता सुनिश्चित करनी है।

प्रदर्शनी के उद्घाटन के पश्चात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रेस वार्ता करेंगे।

विकसित भारत का अमृतकाल एवं सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 11 वर्षों पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने सोमवार को वर्चुअल प्लेटफार्म पर पार्टी पदाधिकारियों से संवाद किया।

बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय प्रभारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, अभियान से जुड़़े प्रदेश, क्षेत्र व जिलों के संयोजक, मोर्चो के प्रदेश, क्षेत्र एवं जिलाध्यक्ष तथा मीडिया के प्रदेश, क्षेत्र व जिला के प्रभारी वर्चुअल माध्यम से जुडे़।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने वर्चुअल बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के 11 वर्ष पूर्ण हो चुके है। मोदी सरकार के ऐतिहासिक निर्णय और उपलब्धियों से देश आर्थिक व सामरिक रूप से मजबूत हुआ है।

बैठक में धर्मपाल सिंह ने कहा कि 12 से 14 जून तक मंडल स्तर पर विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का काम करना है। विश्व योग दिवस पर 21 जून को मंडल स्तर पर योग शिविर आयोजित किए जायेंगे।

सिंह ने बताया कि शक्तिकेन्द्र पर चौपाल लगाकर केन्द्र सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी।

इसके साथ ही 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का आयुष्मान कार्ड के लिए पंजीकरण भी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि विभिन्न कार्यक्रमों में केन्द्रीय मंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला से लेकर बूथ तक के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा पार्टी के नेता व जनप्रतिनिधि सम्मिलित होंगे।

भाषा आनन्द

संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments