कोलकाता, आठ फरवरी (भाषा) भाजपा के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को दावा किया कि पार्टी आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में दो-तिहाई बहुमत हासिल करेगी और अप्रैल तक सरकार बनाएगी जिससे ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का 15 साल का शासन समाप्त हो जाएगा।
बीरभूम जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए अधिकारी ने कहा कि मतदाताओं ने अपना मन बना लिया है और जोर देकर कहा कि टीएमसी को उत्तर और दक्षिण बंगाल दोनों में निर्णायक हार का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ पार्टी अब मतदाताओं को ‘आतंकित’ नहीं कर पाएगी या प्रॉक्सी वोटिंग का सहारा नहीं ले पाएगी क्योंकि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद फर्जी मतदाताओं के नाम हटा दिए जाने से ऐसी प्रथाओं पर अंकुश लग गया है।
विपक्ष के नेता ने कहा, “हालात साफ हैं। हम 2026 के विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से जीत हासिल करेंगे और अप्रैल तक सरकार बनाएंगे। मई में हम हर महिला के लिए 3,000 रुपये मासिक अनुदान की घोषणा करेंगे। मैं आपको वचन दे रहा हूं।”
अधिकारी का खंडन करते हुए टीएमसी के प्रदेश महासचिव कुणाल घोष ने कहा, ‘अधिकारी भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा रखने के लिए दिवास्वप्न देखते रह सकते हैं क्योंकि उन्हें पता है कि आगामी चुनावों में भगवा पार्टी दो अंकों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी।’
टीएमसी सांसद कल्याण बंदोपाध्याय ने कहा कि भाजपा को इस साल के चुनावों में गंभीर चुनावी हार का सामना करना पड़ेगा क्योंकि बंगाल की जनता कभी भी ऐसी पार्टी का समर्थन नहीं करेगी जो बंगाल की संस्कृति और उसके दिग्गजों से परिचित न हो।
भाषा तान्या नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
