scorecardresearch
Friday, 3 April, 2026
होमदेशभाजपा एसआईआर में धांधली करना चाहती है: अखिलेश यादव

भाजपा एसआईआर में धांधली करना चाहती है: अखिलेश यादव

Text Size:

लखनऊ, 20 जनवरी (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पर निशाना साधते हुए मंगलवार को कहा कि केन्द्रीय और राज्य निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची में भारी अंतर है तथा भाजपा सरकार इसमें धांधली करना चाहती है।

वह यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में सपा सांसदों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा शासन में संविधान खतरे में है। कानून का राज नहीं है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने हमेशा लोकतंत्र के साथ नाइंसाफी की है और संविधान के साथ धोखा किया है। भाजपा एसआईआर में धांधली करना चाहती है।’’

यादव ने कहा, ‘‘केन्द्रीय और राज्य निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची में भारी अंतर है। भाजपा सरकार बेईमानी के रास्ते पर है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा सरकार में अन्याय, अत्याचार और जुल्म चरम पर है। सरकारी बजट की बंदरबांट और लूट हो रही है। भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं। भाजपा ने सभी को धोखा दिया है।’’

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में मंदिरों को तोड़ा जा रहा है तथा इस सरकार में जितने मंदिर तोड़े गए हैं, उतने किसी राजा के कार्यकाल में नहीं तोड़े गए।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह से नाकाम हो चुकी है और यह लोगों के अधिकारों को कुचल रही है।

यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी जिसके लिए सभी सांसदों को अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में दिन-रात मेहनत करनी चाहिए और जनता के सुख-दुःख में साथ रहकर उनके मुद्दों के लिए लड़ना चाहिए।

सपा प्रमुख ने कहा, ‘‘भाजपा के अन्यायपूर्ण शासन से छुटकारा पाने और उत्तर प्रदेश से इसकी अराजकता समाप्त करने के लिए समाजवादी पार्टी की सरकार बनाकर जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों को बहाल करना है। सभी सांसदों और विधायकों को अपने-अपने क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है।’’

यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जनपदीय स्तर पर घोषणापत्र बनाया जाएगा जिसमें जनता के मुद्दे शामिल होंगे।

सांसदों की बैठक के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘भाजपा धोखेबाज पार्टी है और यह हर वर्ग को अपमानित कर रही है। यह अहंकार से भरी हुई है। भाजपा ने शंकराचार्य जी का अपमान किया। महारानी अहिल्या बाई होल्कर को अपमानित किया। यह काशी से महारानी अहिल्या बाई होल्कर का नामो-निशान और उनके कार्यों को मिटाना चाहती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा सनातन के खिलाफ है और यह सनातनियों को अपमानित कर रही है। मुख्यमंत्री जी धृतराष्ट्र बन गए हैं। उत्तर प्रदेश में सबकुछ बर्बाद हो रहा है। सनातन संस्कृति और विरासत को नष्ट किया जा रहा है। लेकिन सब देखकर भी अनदेखा कर रहे हैं।’’

यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में पीडीए के अधिकारों को छीना जा रहा है और आरक्षण के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ताओं को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाना चाहिए।

यादव ने कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सभी को न्याय और सम्मान मिलेगा। पीडीए से ही राजनीतिक और सामाजिक न्याय मिलेगा। सामाजिक न्याय के राज की स्थापना होगी।’’

भाषा जफर रवि कांत नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments