scorecardresearch
शुक्रवार, 2 मई, 2025
होमदेशमंगलुरु में हिंदू कार्यकर्ता की हत्या पर भाजपा ने सिद्धरमैया सरकार को घेरा

मंगलुरु में हिंदू कार्यकर्ता की हत्या पर भाजपा ने सिद्धरमैया सरकार को घेरा

Text Size:

बेंगलुरु, दो मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने हिंदू कार्यकर्ता की हत्या को लेकर राज्य में सिद्धरमैया नीत कांग्रेस सरकार पर शुक्रवार को निशाना साधा और आरोप लगाया कि यह राज्य में कानून-व्यवस्था के पूरी तरह ध्वस्त होने को प्रदर्शित करता है।

कुख्यात बदमाश एवं हिंदूवादी कार्यकर्ता सुहास शेट्टी की बृहस्पतिवार देर शाम मंगलुरु शहर के बाजपे पुलिस थाना क्षेत्र में कुछ अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी।

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ने ‘एक्स’ पर कहा कि सरेआम सड़क पर शेट्टी की नृशंस हत्या यह दिखाती है कि कांग्रेस सरकार के तहत कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह साफ दिखाता है कि कट्टरपंथी तत्व कितने बेखौफ हो गए हैं और कानून से डरे बिना हिंदू कार्यकर्ताओं को निशाना बना रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘इससे भी अधिक परेशान करने वाली बात (मंगलुरु) पुलिस आयुक्त द्वारा यह स्वीकार करना है कि अधिकारियों को सुहास शेट्टी की जान को खतरा होने का पता था फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे पुलिस विभाग और सरकार के भीतर कुछ तत्वों की संभावित मिलीभगत के बारे में गंभीर चिंताएं पैदा होती हैं।’’

भाजपा नेता ने सवाल उठाया, ‘‘क्या हम ऐसी स्थिति देख रहे हैं जहां इन चरमपंथी ताकतों को जानबूझकर मजबूत किया जा रहा है और संरक्षण दिया जा रहा है?’’

कर्नाटक में ‘‘बढ़ते उग्रवाद’’ और ‘‘कानून-व्यवस्था के पतन’’ पर तत्काल और निर्णायक ध्यान देने का आग्रह करते हुए विजयेंद्र ने आगे आरोप लगाया, ‘‘हिंदू कार्यकर्ताओं को लगातार निशाना बनाए जाने से यह सवाल उठना लाजमी है कि क्या कांग्रेस सरकार गुपचुप तरीके से राज्य में सुरक्षित पनाहगाह, एक ‘मिनी पाकिस्तान’ बनाने की खुली छूट दे रही है?’’

शेट्टी के परिजनों और प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘(मैं) प्रार्थना करता हूं कि उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति और समर्थन मिले।’’

कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक ने भी राज्य सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासन में कर्नाटक में हिंदुओं के लिए कोई जगह नहीं है और उन्होंने राज्य में ‘‘बिगड़ती’’ कानून व्यवस्था के लिए गृह मंत्री जी परमेश्वर के इस्तीफे की मांग की।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘कश्मीर और पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद की तरह ही व्यस्त सड़कों पर हिंदुओं की पहचान कर उन्हें मारा जा रहा है। पाकिस्तान के प्रति नरम दिल मुख्यमंत्री सिद्धरमैया कर्नाटक में हिंदुओं की हत्या होने पर एकदम चुप हो जाते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सिद्धरमैया मुख्यमंत्री के तौर पर एक बड़ी आपदा से कम नहीं हैं और राज्य की कानून-व्यवस्था उनके हाथों से निकल चुकी है। उन्होंने पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार खो दिया है। गृह मंत्री जी परमेश्वर को राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।’’

भाषा खारी नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments