नयी दिल्ली, पांच फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों की समीक्षा करने के वास्ते शुक्रवार को केरल के दो दिवसीय दौरे पर रवाना होंगे।
पार्टी ने कहा कि राज्य के अपने दौरे के दौरान, नवीन पार्टी की चुनावी रणनीति पर चर्चा करने के लिए राज्य के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कई बैठकें करेंगे और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगियों के साथ भी बैठक करेंगे।
भाजपा ने एक बयान में कहा, ‘‘भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की केरल की दो दिवसीय यात्रा का उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और राज्यभर में वरिष्ठ नेतृत्व के साथ संवाद स्थापित करना है। वह विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों की भी समीक्षा करेंगे।’’
पार्टी ने कहा, ‘‘अपनी यात्रा के दौरान, वह राज्य भाजपा पदाधिकारियों, पार्टी के जिला अध्यक्षों, विधानसभा क्षेत्र प्रभारियों और शक्ति केंद्र प्रभारियों के साथ कई बैठकें करेंगे।’’
इसने कहा कि नवीन केरल भाजपा की कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे, जिसमें केरल में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी और राज्य में राजग के घटक दलों के नेताओं से मुलाकात की जायेगी।
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
