scorecardresearch
Saturday, 12 October, 2024
होमदेश‘आतंकवादियों की पार्टी’ कहे जाने पर भाजपा का पलटवार; कहा: कांग्रेस ने सदा आतंकियों का समर्थन किया

‘आतंकवादियों की पार्टी’ कहे जाने पर भाजपा का पलटवार; कहा: कांग्रेस ने सदा आतंकियों का समर्थन किया

Text Size:

नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा केंद्र में सत्तारूढ़ दल को ‘‘आतंकवादियों की पार्टी’’ कहे जाने के बाद शनिवार को उन पर पलटवार किया और कहा कि हमेशा आतंकवादियों का समर्थन करने वाली मुख्य विपक्षी पार्टी अब इस तरह के आरोप लगा रही है।

इससे पहले, खरगे ने कांग्रेस को ‘‘अर्बन नक्सल गिरोह’’ द्वारा चलाये जाने संबंधी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हालिया टिप्पणी को लेकर उन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ‘‘आतंकवादियों की पार्टी’’ है।

खरगे ने आरोप लगाया कि वे (भाजपा) ‘लिंचिंग’ करते हैं और लोगों को पीटते हैं तथा अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) समुदायों के लोगों पर अत्याचार करते हैं।

खरगे के आरोप पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस जो तीन तलाक, हलाला और हिजाब जैसी रूढ़िवादी इस्लामी प्रथाओं के पक्ष में खड़ी थी, अब हिंदू समाज के बारे में सभी प्रकार की आधारहीन टिप्पणियां कर रही है।

त्रिवेदी ने कहा कि यह ‘अर्बन नक्सल’ वाली मानसिकता का मंसूबा है जिस बारे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बोला करते हैं।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने दावा किया कि खरगे की टिप्पणी उनकी खुद की पार्टी (कांग्रेस) को प्रतिबिंबित करती है क्योंकि यह कांग्रेस ही है जिसने हमेशा आतंकवादियों का समर्थन किया है।

एक अन्य केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने दावा किया कि खरगे ने ”गलती से” भाजपा को आतंकवादियों की पार्टी कह दिया।

जोशी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘वह सोनिया गांधी थीं जिन्होंने बटला हाउस में मारे गए आतंकवादियों के लिए आंसू बहाए थे। यह कांग्रेस थी जो अफजल गुरु पर नरम हो गई थी। यह कांग्रेस ही थी जिसने 2004 में ‘पोटा’ कानून को रद्द कर दिया था। यह उनके प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह थे जिन्होंने अलगवादियों से हाथ मिलाया था।’’

भाषा हक हक सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments