चंडीगढ़, तीन फरवरी (भाषा) कांग्रेस की हरियाणा इकाई के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मंगलवार को भाजपा सरकार पर कीमत घटाए बिना यूरिया की बोरियों का वजन कम करके किसानों को ठगने का आरोप लगाया।
उन्होंने किसानों के निरंतर शोषण का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘केंद्र और राज्य सरकारें किसानों को धोखा देने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रही हैं तथा यूरिया की बोरियों का वजन कम करके एक नया फॉर्मूला लागू किया गया है।’’
हरियाणा में नेता प्रतिपक्ष हुड्डा ने बताया कि पहले यूरिया उर्वरक की एक बोरी का वजन 50 किलो होता था।
उन्होंने कहा, ‘‘फिर इसका वजन घटाकर 45 किलो कर दिया गया और अब इसे घटाकर मात्र 40 किलो कर दिया गया है। नई बोरी में 37 प्रतिशत नाइट्रोजन और 17 प्रतिशत सल्फर होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन 254 रुपये की पुरानी कीमत बरकरार रखी गई है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लगातार किसानों की कमर तोड़ने का काम कर रही है और उसके इरादे हालिया केंद्रीय बजट में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘शायद यह भारत के इतिहास का पहला बजट था जिसमें किसानों का जिक्र तक नहीं किया गया। बजट में किसानों के ऋण माफ करने, मुआवजे या न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के बारे में कुछ भी नहीं कहा गया।’’
भाषा संतोष राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
