नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) सत्तारूढ़ भाजपा ने वित्त वर्ष 2024-25 में सबसे अधिक 6769.14 करोड़ रुपये की आय घोषित की जबकि कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही जिसने लगभग 918.28 करोड़ रुपये की आय घोषित की।
‘एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स’ (एडीआर) की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
निर्वाचन आयोग को राजनीतिक दलों द्वारा की गई घोषणाओं का विश्लेषण करने वाली रिपोर्ट के अनुसार, छह राष्ट्रीय दलों (भाजपा, कांग्रेस, माकपा, आम आदमी पार्टी, बसपा और एनपीपी) ने 2024-25 में कुल 7960.09 करोड़ रुपये की आय घोषित की और इसमें भाजपा की हिस्सेदारी 85.03 प्रतिशत थी।
भाजपा ने अपनी आय का करीब 55.76 फीसदी यानी 3774.58 करोड़ रुपये खर्च किए, जबकि कांग्रेस ने करीब 1111.94 करोड़ रुपये खर्च किए, जो उसकी कुल आय से 21.09 फीसदी (193.66 करोड़ रुपये) ज्यादा है।
माकपा ने वर्ष 2024-25 के दौरान 172.60 करोड़ रुपये की कुल आय दर्ज की, जबकि उसका कुल व्यय 173.86 करोड़ रुपये था, जो उसकी आय से 1.26 करोड़ रुपये (0.73 प्रतिशत) कम था।
बसपा की कुल आय 58.58 करोड़ रुपये थी, जबकि साल का खर्च 106.30 करोड़ रुपये था। उस वर्ष पार्टी का खर्च उसकी कुल आय से 47.71 करोड़ रुपये (81.45 प्रतिशत) अधिक हो गया।
आप ने कुल आय 39.28 करोड़ रुपये और कुल खर्च 36.46 करोड़ रुपये बताया, यानी पार्टी ने अपनी कुल आय का 92.83 प्रतिशत खर्च किया। नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) ने कुल आय 2.18 करोड़ रुपये और कुल व्यय 1.19 करोड़ रुपये घोषित किया, जो दर्शाता है कि पार्टी ने अपनी कुल आय का 54.72 प्रतिशत खर्च किया।
भाषा हक हक नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
