आइजोल, 31 मार्च (भाषा) कांग्रेस की मिजोरम इकाई ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उनके नेता राहुल गांधी के खिलाफ साजिश रच रही है ताकि वह 2024 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ सकें।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष लालसावता ने यह टिप्पणी सूरत की अदालत द्वारा मानहानि के मामले में राहुल गांधी को दो साल की सजा दिए जाने के बाद 24 मार्च को लोकसभा की सदस्यता से उन्हें अयोग्य ठहराए जाने के संदर्भ में की।
उन्होंने कहा, ‘‘ भाजपा राहुल गांधी के खिलाफ साजिश रच रही है ताकि वह वर्ष 2024 के आम चुनाव में उम्मीदवारी पेश नहीं कर सकें।’’
लालसावता ने कहा, ‘‘यह केवल गांधी और कांग्रेस के लिए ही नहीं बल्कि आम जनता के लिए भी चिंता का विषय है क्योंकि भारत तानाशाही की ओर बढ़ रहा है व भाजपा द्वारा देश के धर्मनिरपेक्ष तानेबाने को नष्ट किया जा रहा है।’’
गौरतलब है कि अगर अदालत राहुल गांधी को दी गई सजा को स्थगित नहीं करती तो वह आठ साल तक चुनाव नहीं लड़ पाएंगे।
लालसावता ने आरोप लगाया कि भाजपा सभी लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ जा रही है।
भाषा
धीरज पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
