scorecardresearch
Thursday, 12 November, 2026
होमदेशभाजपा प्रमुख नवीन ने मुनक नहर पर बने 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट का उद्घाटन किया

भाजपा प्रमुख नवीन ने मुनक नहर पर बने 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट का उद्घाटन किया

Text Size:

नयी दिल्ली, 12 नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राष्ट्रीय राजधानी में मुनक नहर के दोनों किनारों पर बनाए गए 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट का बृहस्पतिवार को उद्घाटन किया।

दिल्ली की मुख्यमंत्री के कार्यालय (सीएमओ) ने बताया कि यहां शालीमार बाग में सिंगलपुर रोड पर प्रेम बाड़ी पुल के पास आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एवं दिल्ली सरकार के अन्य मंत्रियों की मौजूदगी में इस घाट का उद्घाटन किया गया।

बयान में कहा गया है कि यह घाट दिल्ली के पूर्वांचली समाज के लिए बड़ी सौगात है। इसके मुताबिक, वर्षों पुरानी लंबित मांग को पूरा करते हुए दिल्ली सरकार ने छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

इससे पहले, दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) के अधिकारियों ने बताया था कि हैदरपुर जल उपचार संयंत्र (डब्ल्यूटीपी) से मुनक नहर में पानी डाला जाएगा, ताकि छठ पूजा के दौरान भक्तों को स्वच्छ पानी और निर्बाध प्रवाह मिल सके।

सीएमओ ने कहा था कि कभी गंदगी, मलबे और झाड़ियों से घिरी रहने वाली नहर को नया जीवन देने के लिए सरकार ने व्यापक सफाई अभियान चलाया और लंबे समय से अनुपयोगी पड़े नहर के इस हिस्से से करीब 1,400 ट्रक मलबा, कचरा और अन्य गंदगी निकाली गई।

इसने कहा था कि घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ‘चेंजिंग रूम’, शौचालय, टेंट व्यवस्था और पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था की गयी है तथा सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

भाषा नोमान नोमान सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments