चंडीगढ़, 24 नवंबर (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के एक बार फिर साथ आने को ‘हताशा का गठबंधन’ करार दिया एवं दावा किया कि राज्य में दोनों ही दलों के लिए कोई राजनीतिक जगह नहीं बची है।
भाजपा और शिअद ने मंगलवार को इससे पहले अपने गठबंधन की घोषणा की। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का सबसे पुराना सहयोगी छह साल बाद फिर राजग में लौटा है।
इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यह स्पष्ट कर दिया कि मुख्यमंत्री पद शिरोमणि अकाली दल के पास जाएगा क्योंकि वह गठबंधन में ‘बड़े भाई’ की भूमिका में होगा।
इस घटनाक्रम पर पंजाब के कांग्रेस मामलों के प्रभारी पायलट ने कहा, ‘‘यह एक कम्प्रोमाइज और हताशा का गठबंधन है क्योंकि दोनों में से किसी भी पार्टी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि छह साल पहले वे क्यों अलग हुए थे।’’
कांग्रेस महासचिव पायलट ने सवाल किया, ‘‘ वे कौन से कारण थे जिनकी वजह से शिअद और भाजपा अलग हुए थे? क्या केंद्र सरकार या भाजपा ने देश की जनता को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कोई गारंटी दी है? क्या उन्होंने अपने द्वारा बनाए गए काले कानूनों के लिए माफी मांगी है? और किसान आंदोलन के दौरान दिल्ली की सीमाओं पर अपनी जान गंवाने वाले सैकड़ों लोगों के प्रति अकाली दल का क्या रुख है?’’
पायलट ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘यहां किसी भी पार्टी के लिए कोई राजनीतिक जगह नहीं बची है। साथ वापस आना उनकी अपनी पसंद है; जनता ही यह तय करेगी कि बेहतर विकल्प कौन है।’’
शिअद ने तीन कृषि कानूनों को लेकर सितंबर, 2020 में भाजपा के साथ अपना 24 साल पुराना रिश्ता तोड़ दिया था। बाद में ये कानून वापस ले लिये गये थे।
भाषा
राजकुमार संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.