scorecardresearch
सोमवार, 9 जून, 2025
होमदेशबीजद का एक सूत्री एजेंडा केवल राज्य का विकास: पटनायक

बीजद का एक सूत्री एजेंडा केवल राज्य का विकास: पटनायक

Text Size:

पुरी, 26 दिसंबर (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने 2024 में होने वाले विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव से पहले परोक्ष रूप से विपक्ष पर निशाना साधते हुए सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) का एक-सूत्री एजेंडा राज्य के विकास का है, जिस पर राष्ट्रीय दलों का ध्यान नहीं है।

पटनायक ने कहा कि बीजद का ओडिशा की प्रगति के अलावा कोई निहित स्वार्थ नहीं है।

वह यहां श्री जगन्नाथ धाम में आयोजित बीजद स्थापना दिवस के रजत जयंती समारोह में बड़ी संख्या में उपस्थित पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।

बीजू जनता दल की स्थापना 26 दिसंबर, 1997 को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के पिता बीजू पटनायक के नाम पर की गयी थी।

मुख्यमंत्री ने किसी पार्टी का नाम लिये बिना कहा, ‘‘बीजद का एकमात्र एजेंडा राज्य का हित है, वहीं राष्ट्रीय दलों के ध्यान के केंद्र में ओडिशा नहीं है। उनके एजेंडे में राष्ट्रीय राजनीति है। केवल एक क्षेत्रीय दल राज्य का विकास कर सकता है।’’

पटनायक ने कहा कि बीजद केवल एक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि सामाजिक आंदोलन है और इसने ओडिशा की 4.5 करोड़ जनता का विश्वास अर्जित किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘जनता के बीच बीजद की प्रगति और स्वीकार्यता एक या दो लोगों पर निर्भर नहीं है, ना ही भविष्य में रहेगी।’’

पटनायक ने कहा कि पार्टी को यदि महिलाओं का आशीर्वाद मिलता रहा, तो वह 100 और साल तक लोगों की सेवा करती रहेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘महिलाओं के सशक्तीकरण से परिवार, राज्य और पूरा देश सशक्त होगा। बीजद के शासनकाल में मल्कानगिरि से मयूरभंज तक और बारगढ़ से पुरी तक सभी क्षेत्रों को समान प्राथमिकता मिलती है। इससे क्षेत्रीय असंतुलन समाप्त होता है और राज्य में समावेशी विकास होता है।’’

बीजद अध्यक्ष ने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने मजबूत आपदा प्रबंधन के लिए दुनियाभर में वाहवाही पाई है।

बीजद 2000 से ओडिशा की सत्ता में है और कोविड महामारी के कारण पिछले वर्ष इसका स्थापना दिवस नहीं मनाया जा सका था।

पार्टी ने सबसे पहले भाजपा के साथ गठबंधन में राज्य में सरकार बनाई थी।

इस बीच, ओडिशा कांग्रेस की छात्र शाखा ने पटनायक की पुरी यात्रा के विरोध में यहां प्रदर्शन किया।

पुलिस ने बताया कि एहतियाती कदम के रूप में कुछ छात्रों को हिरासत में ले लिया गया।

भाषा वैभव दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments