नयी दिल्ली, तीन मार्च (भाषा) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद की विशेषाधिकार समिति के लिए मंगलवार को 15 सदस्य मनोनीत किए। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।
लोकसभा सचिवालय द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, इस समिति में प्रसाद के अलावा भाजपा के बृजमोहन अग्रवाल, रामवीर सिंह बिधूड़ी, संगीता कुमारी सिंह देव, जगदंबिका पाल, त्रिवेंद्र सिंह रावत एवं जगदीश शेट्टर, कांग्रेस के तारिक अनवर, मनीष तिवारी और मणिकम टैगोर, समाजवादी पार्टी के धर्मेंद्र यादव, द्रमुक के टी.आर. बालू, तृणमूल कांग्रेस के कल्याण बनर्जी, शिवसेना के श्रीरंग अप्पा बार्ने और शिवसेना (उबाठा) के अरविंद सावंत को सदस्य बनाया गया है।
विशेषाधिकार समिति संसद की की एक स्थाई समिति होती है, जो सदस्यों या सदन के विशेषाधिकार हनन और अवमानना के मामलों की जांच करती है। यह समिति अध्यक्ष द्वारा संदर्भित मामलों की जांच कर कार्यवाही की सिफारिश करती है।
समिति में लोकसभा अध्यक्ष द्वारा मनोनीत 15 सदस्य और राज्यसभा के सभापति द्वारा मनोनीत 10 सदस्य होते हैं।
भाषा हक हक माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
