नयी दिल्ली, आठ फरवरी (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज को रविवार को जनकपुरी में कुछ देर के लिए हिरासत में लिया गया। यह कार्रवाई तब की गई जब वह गड्ढे में गिरने से एक बाइक सवार की मौत को लेकर प्रदर्शन करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने यह जानकारी दी।
रोहिणी के सेक्टर-10 में एक निजी बैंक के कर्मचारी कमल ध्यानी बृहस्पतिवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात घर लौट रहे थे, तभी वह सीवर पाइपलाइन डालने की परियोजना के लिए दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) द्वारा खोदे गए 15 फुट गहरे गड्ढे में गिर गए।
रविवार को, भारद्वाज और उनके साथी बाइक चालक की याद में मोमबत्तियां जलाने के लिए गड्ढे की ओर जाने की कोशिश कर रहे थे तभी उन्हें हिरासत में लिया गया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यह कार्रवाई इसलिए की गई क्योंकि आप नेता विरोध प्रदर्शन करने की कोशिश कर रहे थे। अधिकारी ने कहा, ‘उन्हें मौके से हटा दिया गया और हिरासत में ले लिया गया। उन्हें नजदीकी पुलिस स्टेशन ले जाया गया और बाद में रिहा कर दिया गया।’’
बाद में, भारद्वाज ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि वह और उनके साथी कमल ध्यानी की मृत्यु पर शोक व्यक्त करने गए थे। उन्होंने कहा, ‘पुलिस ने अवरोधक लगाए हैं। हमने कहा कि कोई नारेबाजी नहीं की जा रही है और हम मोमबत्तियां जलाकर लौट आएंगे।’
उन्होंने सवाल किया कि क्या संवेदना व्यक्त करना अपराध है। भारद्वाज ने एक अन्य पोस्ट में दावा किया कि उन्हें ‘गिरफ्तार’ किया गया और पुलिस स्टेशन ले जाया गया।
भाषा आशीष रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
