scorecardresearch
Saturday, 21 February, 2026
होमदेशतीन लाख रुपये के इनामी माओवादी के आत्मसमर्पण के साथ बिहार ‘नक्सल मुक्त’: पुलिस

तीन लाख रुपये के इनामी माओवादी के आत्मसमर्पण के साथ बिहार ‘नक्सल मुक्त’: पुलिस

Text Size:

पटना, 19 फरवरी (भाषा) बिहार पुलिस ने दावा किया है कि तीन लाख रुपये के इनामी शीर्ष माओवादी सुरेश कोड़ा उर्फ मुस्तकीम के आत्मसमर्पण के साथ राज्य ‘नक्सल मुक्त’ हो गया है।

पुलिस मुख्यालय की ओर से बुधवार देर रात जारी एक बयान के अनुसार, कोड़ा पर कम से कम 60 मामले दर्ज थे, जिनमें से कई गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम (यूएपीए) के तहत दर्ज किए गए थे।

बयान में कहा गया है कि कोड़ा ने तीन असॉल्ट राइफल, सैकड़ों कारतूस और मैगजीन के अलावा कुछ नकदी के साथ बुधवार को मुंगेर जिले में विशेष कार्यबल (एसटीएफ) के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले उग्रवादियों के पुनर्वास के लिए संचालित ‘आत्मसमर्पण-सह-पुनर्वास योजना’ के तहत कोड़ा को भी लाभ प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

इस योजना के तहत कोड़ा पर घोषित इनाम राशि (तीन लाख रुपये) के अलावा पांच लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा 36 महीनों तक व्यावसायिक प्रशिक्षण के लिए प्रतिमाह 10,000 रुपये का वजीफा दिया जाएगा।

बयान में कहा गया है, ‘‘कोड़ा के आत्मसमर्पण के साथ बिहार में नक्सली नेटवर्क का पूरी तरह सफाया हो गया है और पूरा राज्य नक्सल-मुक्त हो गया है।’’

भाषा कैलाश सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments