पटना, 25 मार्च (भाषा) बिहार बोर्ड की 12वीं कक्षा के नतीजे मंगलवार को घोषित किए गए और परीक्षा में लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया। सभी संकाय में कुल सफल विद्यार्थियों का प्रतिशत 86.50 रहा, जो पिछले वर्ष (87.21 फीसदी) से कम है।
लड़कियों ने तीनों संकाय में लड़कों को पछाड़ दिया।
कला संकाय में 85.04 प्रतिशत लड़कियां और 78.94 प्रतिशत लड़के सफल घोषित किये गये।
वहीं वाणिज्य में 97 प्रतिशत लड़कियां उत्तीर्ण हुईं, जबकि 93.62 प्रतिशत लड़के सफल हुए।
विज्ञान में 91.29 प्रतिशत लड़कियां और 88.63 प्रतिशत लड़के उत्तीर्ण हुए।
शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) के कार्यालय से परिणाम की घोषणा की।
शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एस सिद्धार्थ और बीएसईबी के अध्यक्ष आनंद किशोर घोषणा के दौरान मौजूद थे।
किशोर ने बताया, “इस वर्ष कुल 12,80,211 छात्र परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 10,97,330 छात्र सफल हुए।”
उन्होंने बताया, “इनमें से 5,08,540 छात्र प्रथम श्रेणी, 5,07,002 छात्र द्वितीय श्रेणी और 91,788 छात्र तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।”
किशोर ने बताया कि विज्ञान संकाय में प्रिया जायसवाल 96.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान पर रहीं, कला संकाय में वंदिता कुमारी ने 94.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि वाणिज्य संकाय में रोशनी कुमारी ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार शीर्ष 10 स्थान हासिल करने वाले छात्रों को नकद पुरस्कार और लैपटॉप देकर सम्मानित करेगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सफल विद्यार्थियों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने बहुत कम समय में 12वीं कक्षा के परिणाम घोषित करने के लिए बीएसईबी अधिकारियों की भी सराहना की।
उन्होंने छात्राओं के प्रदर्शन पर भी खुशी जताई।
भाषा जितेंद्र पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.