scorecardresearch
Monday, 1 September, 2025
होमदेशअरुणाचल प्रदेश में मनाई जाएगी भूपेन हजारिका की जन्मशताब्दी, रोइंग में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम

अरुणाचल प्रदेश में मनाई जाएगी भूपेन हजारिका की जन्मशताब्दी, रोइंग में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम

Text Size:

इटानगर, 29 अगस्त (भाषा) भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की जन्मशताब्दी के उपलक्ष्य में 26 सितंबर 2025 को अरुणाचल प्रदेश के लोअर दिबांग वैली जिले के रोइंग में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

राज्य के उपमुख्यमंत्री चाओना मेन ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की अध्यक्षता में गुवाहाटी में आयोजित जन्मशताब्दी समारोह की कोर समिति की बैठक में भाग लेने के बाद साझा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 सितंबर को असम में आयोजित मुख्य स्मृति समारोह में शामिल होंगे।

उपमुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा की और इसे स्मरणीय बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया। अरुणाचल प्रदेश सरकार ने भी डॉ. भूपेन हजारिका की विरासत को सम्मानित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं। 26 सितंबर 2025 को लोअर दिबांग वैली जिले के रोइंग में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा’’

भूपेन हजारिका को ‘सुधाकंठ’ के नाम से भी जाना जाता है। उनका जन्म आठ सितंबर 1926 को असम के सादिया में हुआ था और पांच नवंबर 2011 को मुंबई में उन्होंने अंतिम सांस ली। एक प्रख्यात गायक, कवि, संगीतकार, फिल्मकार और सामाजिक विचारक हजारिका के रचनात्मक कार्यों में मानवता, सांप्रदायिक सद्भाव और सामाजिक न्याय का स्पष्ट संदेश झलकता है।

हजारिका को 2019 में मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।

उनका अरुणाचल प्रदेश से गहरा नाता रहा है। अपने करियर के प्रारंभिक वर्षों में उन्होंने राज्य के दिबांग घाटी क्षेत्र में समय बिताया और इदु मिश्मी समुदाय की संस्कृति तथा प्राकृतिक सौंदर्य से प्रेरित होकर कई मार्मिक गीतों की रचना की। अरुणाचली भाषाओं में उनके गीतों ने राज्य की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर पहुंचाया।

राज्य सरकार ने कहा है कि इसीलिए लोअर दिबांग वैली जिले के रोइंग को समारोह के लिए चुना गया।

जन्म शताब्दी वर्ष में केंद्र सरकार ने भी विशेष पहल करते हुए हजारिका के सम्मान में 100 रूपए मूल्य का एक स्मृति सिक्का जारी करने की घोषणा की है। यह सिक्का 99.9 प्रतिशत शुद्ध चांदी से निर्मित होगा, जिसका व्यास 44 मिलीमीटर और किनारों पर 200 धारियां होंगी।

सिक्के के अग्र भाग पर अशोक स्तंभ का सिंह चिह्न, नीचे ‘सत्यमेव जयते’, बाईं ओर देवनागरी में ‘भारत’, दाईं ओर अंग्रेज़ी में ‘इंडिया’, साथ ही रुपये का चिह्न और अंक ‘100’ अंकित होगा।

इसके पिछले भाग पर भूपेन हजारिका की छवि होगी, जिसके ऊपर देवनागरी में ‘डॉ. भूपेन हजारिका की जन्मशताब्दी’ और नीचे अंग्रेज़ी में ‘बर्थ सेंटेनरी ऑफ डॉ. भूपेन हजारिका’ लिखा होगा। नीचे वर्ष ‘2025’ भी अंकित रहेगा।

भाषा मनीषा शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments