कोलकाता, नौ फरवरी (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के बुदबुद पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी को कोयला तस्करी से जुड़े एक मामले के सिलसिले में पूछताछ के लिए तलब किया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकार दी।
सूत्रों ने बताया कि ईडी ने बुदबुद पुलिस थाना प्रभारी मनोरंजन मंडल के आवास पर तलाशी लेने के कुछ दिन बाद उन्हें पूछताछ के लिए पेश होने का समन जारी किया है। तलाशी के दौरान मंडल के आवास से कई दस्तावेज जब्त किए गए थे।
बुदबुद पुलिस थाना आसनसोल दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय के अधिकार क्षेत्र में आता है।
एक अधिकारी ने बताया, “मंडल से पूछताछ कोयला तस्करी के खिलाफ जारी जांच के सिलसिले में है।”
अधिकारी के मुताबिक, ईडी ने इसी मामले में चिनमय मंडल को भी पूछताछ के लिए तलब किया है, जिसे कोयला तस्करी के आरोपी लाला का करीबी सहयोगी माना जाता है।
उन्होंने बताया कि जांचकर्ताओं का मानना है कि चिनमय कथित गिरोह के “प्रमुख संचालकों में से एक” था।
ईडी ने पश्चिम बंगाल में इस साल प्रस्तावित विधानसभा चुनावों से पहले विभिन्न हाई-प्रोफाइल मामलों की जांच तेज कर दी है।
इससे पहले, केंद्रीय जांच एजेंसी ने कोयला तस्करी के एक अन्य मामले के सिलसिले में राजनीतिक परामर्श फर्म ‘आई-पैक’ के कार्यालय और उसके संस्थापक प्रतीक जैन के आवास पर छापेमारी की थी, जिसे लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था।
बाद में यह मामला उच्च न्यायालय और शीर्ष अदालत के समक्ष आया था।
सूत्रों के अनुसार, इन घटनाक्रमों के बाद ईडी निदेशक राहुल नवीन ने कोलकाता में अधिकारियों के साथ कोयला, रेत और अन्य प्रमुख मामलों की जांच की समीक्षा करने के लिए उच्च स्तरीय बैठकें की थीं।
ईडी ने कोयला तस्करी गिरोह के खिलाफ जांच तेज करते हुए हाल के दिनों में कई व्यापारियों से पूछताछ की है। उसने तीन फरवरी को आसनसोल के रानीगंज और जमुड़िया सहित कई जगहों पर छापेमारी की थी। इस दौरान जमुड़िया एक व्यवसायी के गोदाम से लगभग 1.5 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए थे।
सूत्रों ने आरोप लगाया कि कोयला तस्करी मामले में “प्रोटेक्शन मनी” के रूप में बड़ी रकम का भुगतान किया गया था और संबंधित लेन-देन में बुदबुद पुलिस थाना प्रभारी भी शामिल थे।
सूत्रों ने कहा, “जांचकर्ता मामले में धन के कथित प्रवाह और विभिन्न व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रहे हैं।”
भाषा पारुल प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
