(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, आठ फरवरी (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि ‘जेन जेड’ के लिए उनका संदेश सरल है – “जीवन में कुछ भी सीधा-सपाट नहीं होता”, इसलिए “लचीला रुख अपनाएं और दृढ़ संकल्पित रहें।”
राहुल गांधी ने यूट्यूब पर जारी एक पोस्ट में यह टिप्पणी की। पोस्ट में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के प्रवासी छात्रों के साथ उनकी हालिया बातचीत का वीडियो भी साझा किया गया है।
कांग्रेस नेता ने कहा, “वास्तविक सवाल। ईमानदार जवाब। बिना किसी लाग-लपेट के। यूएई के प्रवासी छात्रों के साथ बातचीत के दौरान, हमने पहचान, उद्देश्य और आज के युवाओं के सामने पेश आने वाली चुनौतियों के बारे में बात की।”
गांधी ने कहा कि चर्चा में ‘जेन जेड’ के कुछ सबसे अहम मुद्दों पर बात की गई, जैसे कि पेशे और जुनून के बीच संतुलन बनाना, सोचने, व्यक्त करने एवं खोजने की आजादी, चिंता से निपटना और पूर्वाग्रहों पर काबू पाना।
उन्होंने कहा, “कई छात्रों ने बताया कि कैसे वे अक्सर इस बात को लेकर चिंतित रहते हैं कि उनमें आत्मविश्वास की कमी है, उन्हें विभिन्न मोर्चों पर आंका-परखा जाएगा, उनमें असुरक्षा का भाव है और वे खुलकर बोलने में सहज महसूस नहीं कर पाते हैं।”
गांधी ने कहा कि चर्चा का एक केंद्रीय विषय यह था कि समाज अक्सर व्यक्तियों को ठप्पों और धारणाओं के माध्यम से परिभाषित करने का प्रयास कैसे करता है।
उन्होंने कहा, “संदेश स्पष्ट था : भले ही दुनिया आपको यह बताने की कोशिश करे कि आप कौन हैं, लेकिन वास्तव में जो मायने रखता है, वह है खुद के प्रति ईमानदार रहना।”
लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, “जेन जेड के लिए मेरा संदेश सरल है : जीवन में कुछ भी सीधा-सपाट नहीं होता। लचीला रुख अपनाएं और दृढ़ संकल्पित रहें।”
कन्याकुमारी से कश्मीर तक निकाली गई अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से जुड़े एक सवाल के जवाब में गांधी ने कहा कि उन्होंने यात्रा के दौरान सीखा कि किसी व्यक्ति की क्षमता उसकी सोच से कहीं ज्यादा होती है।
उन्होंने छात्रों से कहा, “मैं अलग-अलग लोगों से मिला, मुझे एहसास हुआ कि हर किसी की अपनी यात्रा होती है और उन्हें यह बताने के बजाय कि तुम हिंदू हो, तुम ईसाई हो, तुम मुसलमान हो और तुम सिख हो, अपनी यात्रा तय करने और जीने की अनुमति दी जानी चाहिए।”
भाषा पारुल दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
