कोलकाता, 31 मार्च (भाषा) निर्वाचन आयोग ने नदिया जिले में मतदान प्रशिक्षण स्थल पर हुई हिंसा के बाद एक प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को निलंबित करने का मंगलवार को आदेश दिया और उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दिए।
हिंसा की घटना 27 मार्च को हंसखाली प्रखंड के एक स्कूल में मतदान अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान हुई, जिसमें एक शिक्षक को सिर में चोटें आईं। इस घटना के संबंध में राणाघाट पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
राज्य प्रशासन को भेजे गए एक पत्र में आयोग ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के समग्र प्रभारी हंसखाली के बीडीओ सायंतन भट्टाचार्य ‘‘चुनाव कर्तव्य का निर्वहन करने में मानक प्रोटोकॉल बनाए रखने में विफल रहे।’’
आयोग ने निर्देश दिया कि भट्टाचार्य को ‘तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए और उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू की जाए।’
आयोग ने राज्य प्रशासन से निर्देशों को तुरंत लागू करने और एक अप्रैल को दिन में 11 बजे तक अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा।
शिक्षक सैकत चट्टोपाध्याय पर कथित तौर पर तब हमला किया गया जब उन्होंने एक सरकारी विज्ञापन के प्रदर्शन पर आपत्ति जताई।
कुछ प्रतिभागियों के अनुसार, सत्र शुरू होने से पहले एक प्रोजेक्टर पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को दर्शाने वाला एक सरकारी विज्ञापन दिखाया गया, जिसपर कुछ मतदान अधिकारियों ने आपत्ति जताई और कहा कि यह आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) का उल्लंघन है।
भाषा आशीष अमित
अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
