मुंबई, 28 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या में कथित संलिप्तता के आरोप में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के एक सदस्य को कोल्हापुर से गिरफ्तार किया गया है। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
सिद्दीकी की पिछले साल 12 अक्टूबर को महानगर के बांद्रा पूर्व इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अमोल गायकवाड़ (39) दो से तीन बैठकों में शामिल हुआ था, जिसके दौरान हत्या की साजिश रची गई थी। उन्होंने बताया कि गायकवाड़ मामले में शामिल अन्य लोगों के संपर्क में था और उसने हत्या के बाद मुख्य आरोपी शुभम लोनकर को भागने में भी मदद की थी।
अधिकारी ने बताया, ‘विशेष सूचना के आधार पर मुंबई अपराध शाखा ने गायकवाड़ को कोल्हापुर से पकड़ा और यहां ले आई। बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में यह 27वीं गिरफ्तारी है। महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) की एक विशेष अदालत ने उसे आठ सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।’
अधिकारी ने बताया कि पंजाब में एक कपड़ा व्यापारी की हत्या में गायकवाड़ की संलिप्तता सामने आई है, जिसके कारण सिद्दीकी हत्या मामले में मुंबई पुलिस की जांच के बाद पंजाब की पुलिस उसे हिरासत में लेगी।
उन्होंने बताया कि कपड़ा व्यापारी की कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्यों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
भाषा आशीष वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.