scorecardresearch
Wednesday, 25 February, 2026
होमदेशदिल्ली में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर चर्चा के लिये आतिशी ने अमित शाह को लिखा पत्र

दिल्ली में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर चर्चा के लिये आतिशी ने अमित शाह को लिखा पत्र

Text Size:

नयी दिल्ली, 19 जनवरी (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) की नेता आतिशी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा करने के लिए उनसे मिलने का समय मांगा है।

उन्होंने दावा किया कि “ध्वस्त” कानून-व्यवस्था ने राष्ट्रीय राजधानी को भय के माहौल में धकेल दिया है।

प्रमुख चश्मदीद गवाह की हत्या से लेकर लाल किले के पास हुए घातक विस्फोट और “पुलिस के लगातार देर से पहुंचने” जैसी घटनाओं का हवाला देते हुए, आतिशी ने “जवाबदेही की कमी” से चिह्नित “प्रणालीगत पतन” की ओर इशारा किया।

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में, मैं राजधानी दिल्ली में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए यह पत्र लिख रही हूं।”

उन्होंने दावा किया कि हाल के दिनों में, विशेष रूप से पिछले कुछ महीनों में, “गंभीर” आपराधिक घटनाओं ने आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और व्यापारियों के बीच “भय और असुरक्षा का माहौल” पैदा कर दिया है।

अपने पत्र में आतिशी ने आम आदमी पार्टी की कार्यकर्ता रचना यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने का जिक्र किया।

उन्होंने लिखा, “यह लक्षित हत्या का स्पष्ट मामला था, क्योंकि रचना यादव अपने पति की हत्या के मामले में एक प्रमुख चश्मदीद गवाह थीं और उन्हें 7 फरवरी, 2026 को अदालत में गवाही देनी थी।”

उन्होंने कहा कि यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था की विफलता है, बल्कि गवाहों की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।

पिछले साल नवंबर में लाल किले के पास हुए विस्फोट में 13 लोगों की मौत के बारे में उन्होंने कहा कि इससे शहर के लोगों में अपनी सुरक्षा को लेकर डर पैदा हो गया है।

आतिशी ने जोर देकर कहा कि दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता के रूप में यह उनका संवैधानिक दायित्व है कि वे दिल्लीवासियों की चिंताओं और अपेक्षाओं को गृह मंत्री के ध्यान में लाएं।

भाषा प्रशांत दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments