scorecardresearch
Monday, 11 August, 2025
होमदेशमराठी फिल्म ‘संगीत मानापमान’ के ट्रेलर लॉन्च पर फडणवीस ने राजनीति और अपने करियर पर विचार व्यक्त किए

मराठी फिल्म ‘संगीत मानापमान’ के ट्रेलर लॉन्च पर फडणवीस ने राजनीति और अपने करियर पर विचार व्यक्त किए

Text Size:

मुंबई, 24 दिसंबर (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को मराठी फिल्म ‘संगीत मानापमान’ का ट्रेलर लॉन्च किया और राज्य में मौजूदा राजनीतिक हालात की तुलना फिल्म के शीर्षक से की।

यह फिल्म इसी नाम के एक लोकप्रिय नाटक पर आधारित है। मराठी में ‘‘मानापमान’ का मतलब मान/अपमान होता है।

उन्होंने कार्यक्रम में कहा, ‘‘मैं अभी-अभी मंत्रिमंडल का विस्तार करके, नए मंत्रियों को विभाग, कार्यालय और बंगले सौंप कर आया हूं। हमारा भी अपना ‘मान अपमान’ है। इसके स्वर जनता के बीच गूंजते हैं।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत महायुति गठबंधन ने 20 नवंबर को हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में शानदार जीत हासिल की है। ​​फडणवीस ने पांच दिसंबर को मुंबई में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, दस दिन बाद 15 दिसंबर को नागपुर में अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया तथा एक हफ्ते बाद विभागों का बंटवारा किया। सोमवार को दक्षिण मुंबई में राज्य सचिवालय में मंत्रियों के कार्यालय और सरकारी बंगले आवंटित किए।

पिछले कुछ सालों के अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए फडणवीस ने मुख्य अभिनेता सुबोध भावे की तारीफ करते हुए कहा, ‘‘आपको पहले भामिनी और अब धैर्यधर का किरदार निभाने का गौरव प्राप्त हुआ। इसी तरह, मैं भी कभी मुख्यमंत्री रहा, फिर एलओपी (नेता प्रतिपक्ष), फिर उप मुख्यमंत्री और फिर से मुख्यमंत्री बना।’’

भामिनी और धैर्यधर मराठी फिल्म में मुख्य किरदार हैं, जो 10 जनवरी को सिनेमाघरों में आएगी।

संयोग से, भावे ने 2011 में लोकप्रिय मराठी गायक एवं रंगमंच अभिनेता बालगंधर्व की जीवनी पर आधारित फिल्म में उनका किरदार निभाया था। बालगंधर्व द्वारा अमर किये गए पात्रों में से एक ‘भामिनी’ थी। अभिनेता अब ‘संगीत मानापमान’ में धैर्यधर की भूमिका निभा रहे हैं।

फडणवीस ने कहा कि ‘संगीत मानापमान’ शास्त्रीय मराठी कला और संगीत को फिर से जीवंत करेगी।

केंद्र ने हाल ही में मराठी के सांस्कृतिक महत्व को मान्यता देते हुए इसे शास्त्रीय भाषा का दर्जा दिया है।

फडणवीस ने आश्वासन दिया कि उनकी सरकार भविष्य में मराठी कला और कलाकारों को उचित मंच प्रदान करने के लिए प्रयास करेगी।

भाषा खारी नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments