गुवाहाटी, 14 मार्च (भाषा) असम में कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के खिलाफ आरोपों वाले कथित “भड़काऊ” पर्चे रखने व उनके परिवहन के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। कांग्रेस ने इन आरोपों पर सवाल उठाते हुए इस कार्रवाई को अलोकतांत्रिक बताया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास पोस्टर और पर्चे पाए गए, जिन्हें व्यापक रूप से वितरित किया जाना था।
पुलिस ने कहा कि इन पर्चों में कथित तौर पर “भड़काऊ और घिनौने आरोप” लगाए गए थे, जो सार्वजनिक शांति और चुनावी माहौल को प्रभावित कर सकते थे।
कांग्रेस ने कहा कि पर्चों में लगाए गए आरोप 19 फरवरी को पार्टी की असम इकाई द्वारा विधानसभा चुनाव से पहले जारी 20-बिंदु वाले “आरोप पत्र” का हिस्सा थे।
पुलिस ने बताया कि चारों को रुक्मिनिगांव क्षेत्र में एक वाहन से बड़ी मात्रा में मुद्रित पर्चे बरामद होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। वे फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष देवव्रत बोरा ने कार्यकर्ताओं पर लगे आरोपों पर सवाल उठाया और कहा कि किसी मुख्यमंत्री की आलोचना को राष्ट्रविरोधी गतिविधि के रूप में नहीं देखा जा सकता।
बोरा ने कहा, “संदिग्ध पर्चे 20-बिंदु वाले आरोप पत्र का हिस्सा थे, जिसे प्रियंका गांधी वाद्रा ने जारी किया था।”
भाषा जोहेब पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
