नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने असम विधानसभा चुनाव के लिए 88 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची बृहस्पतिवार को जारी कर दी, जिसमें जलुकबारी सीट से मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा का नाम भी शामिल है।
पार्टी ने कांग्रेस के पूर्व नेता प्रद्युत बोरदोलोई को दिसपुर विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। बोरदोलोई बुधवार को शर्मा और पार्टी के अन्य नेताओं की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो चुके हैं।
सूची के अनुसार, हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले भूपेन कुमार बोरा बिहपुरा सीट से चुनाव लड़ेंगे।
बिरसिंह-जरूआ सीट से माधवी दास, चमरिया से ज्योत्सना कलिता और मंगलदाई से नीलिमा देवी को चुनावी मैदान में उतारा गया है।
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने बुधवार शाम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में हुई बैठक में उम्मीदवारों की पहली सूची को अंतिम रूप दिया।
इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा चुनाव समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
भाजपा की असम इकाई के प्रमुख दिलीप सैकिया भी बैठक में मौजूद थे।
भाषा यासिर मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
