गुवाहाटी, आठ फरवरी (भाषा) असम विधानसभा में विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया ने रविवार को आरोप लगाया कि हाल ही में एक रैली में भाजपा सदस्यों ने कांग्रेस की महिला नेताओं पर हमला किया।
उन्होंने असम राज्य महिला आयोग से इस मामले की जांच करने और दोषियों को सजा दिलाने का आग्रह किया।
महिला आयोग की अध्यक्ष को लिखे पत्र में सैकिया ने कहा कि जारी ‘परिवर्तन यात्रा’ के दौरान पार्टी की महिला नेताओं पर हमला किया गया, जब तेजपुर से ढेकियाजुली जाते समय बिहगुरी में कांग्रेस के काफिले को ‘रोका और उस पर हमला किया गया।’
कांग्रेस नेता ने दावा किया, ‘हमलावरों ने कथित तौर पर हमारी महिला नेताओं को परेशान किया और सार्वजनिक रूप से अश्लील और अपमानजनक टिप्पणियां कीं, जिससे उनकी गरिमा और मर्यादा भंग हुई। जब एक नेता ने काफिले की रक्षा के लिए आगे बढ़कर हस्तक्षेप किया, तो उन पर हमला किया गया और वे घायल हो गईं।’
घायलों में पार्टी की राज्य इकाई की वरिष्ठ प्रवक्ता रूपा कलिता दास, असम प्रदेश महिला कांग्रेस महासचिव तृष्णा बोरा काकाती और सोनितपुर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष संपूर्ण सैकिया शामिल हैं।
देबब्रत सैकिया उस बस में सवार थे, जिसके सामने महिलाओं पर हमला हुआ था। उस वाहन में राज्य कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई, एआईसीसी महासचिव जितेंद्र सिंह और सांसदों सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी सवार थे।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
