scorecardresearch
Saturday, 28 February, 2026
होमदेशअसम के मुख्यमंत्री ने चुनाव से पहले जनता तक पहुंचने के लिए भाजपा की ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ की शुरुआत की

असम के मुख्यमंत्री ने चुनाव से पहले जनता तक पहुंचने के लिए भाजपा की ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ की शुरुआत की

Text Size:

ढेकियाजुली (असम), 28 फरवरी (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को सोनितपुर जिले के ढेकियाजुली से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई की ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ की शुरुआत की।

पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों में लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही है।

पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष दिलीप सैकिया, केंद्रीय मंत्री पवित्र मार्गेरिटा और अन्य शीर्ष नेताओं के साथ शर्मा एक खुली वैन के ऊपर खड़े होकर जुलूस का नेतृत्व कर रहे थे।

सड़कों के दोनों ओर कतार में खड़े लोगों ने फूलों से मुख्यमंत्री का स्वागत किया और नेता उत्साहित भीड़ की ओर हाथ हिला रहे थे।

यात्रा शुरू करने से पहले मुख्यमंत्री ने ढेकियाजुली स्थित गुप्तेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना की।

यात्रा पहले दिन सोनितपुर जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी।

भाजपा के एक प्रवक्ता ने बताया कि पार्टी ने राज्य भर के लोगों से सीधा संपर्क स्थापित करने के लिए यह यात्रा शुरू की है।

उन्होंने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य कार्यक्रम के आठ दिवसीय प्रारंभिक चरण के दौरान प्रतिदिन एक लाख लोगों से जुड़ना है, जो नौ मार्च तक जारी रहेगा।

प्रवक्ता ने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकारों की विकास तथा कल्याणकारी पहलों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा, साथ ही आगामी विधानसभा चुनावों के लिए नागरिकों का समर्थन भी प्राप्त किया जाएगा।

भाषा यासिर शफीक

शफीक

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments